शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PNG gets expensive in Delhi-NCR
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 5 अगस्त 2022 (14:44 IST)

दिल्ली-NCR में महंगी हुई PNG, 2.63 रुपए प्रति यूनिट बढ़े दाम

दिल्ली-NCR में महंगी हुई PNG, 2.63 रुपए प्रति यूनिट बढ़े दाम - PNG gets expensive in Delhi-NCR
नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के शहरों में पाइप के जरिए आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस (PNG) शुक्रवार से 2.63 रुपए प्रति इकाई महंगी हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लि. ने कहा कि दिल्ली में पीएनजी का दाम अब 50.59 रुपए प्रति घनमीटर होगा। अभी तक यह 47.96 रुपए प्रति इकाई था।
 
आईजीएल ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि इस बढ़ोतरी से गैस की उत्पादन लागत में बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई हो पाएगी। इससे पहले 26 जुलाई को पीएनजी के दाम 2.1 रुपए प्रति इकाई बढ़ाए गए थे। 2 सप्ताह से भी कम समय में पीएनजी के दाम दूसरी बार बढ़ाए गए हैं।
 
उल्लेखनीय हे कि सरकार ने बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए महंगी आयातित एलएनजी के इस्तेमाल को जरूरी कर दिया है। इसके चलते गैस के दाम बढ़े हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल शहर गैस वितरकों को आपूर्ति से पहले स्थानीय स्तर पर उत्पादित और आयातित गैस के औसत के हिसाब से दरें तय करती है।
 
देश के अन्य शहरों में भी पीएनजी के दाम बढ़ चुके हैं। मुंबई में महानगर गैस लि. (एमजीएल) ने सीएनजी का दाम 6 रुपए प्रति किलोग्राम और पीएनजी का 4 रुपए प्रति इकाई बढ़ाया है। एमजीएल ने बयान में कहा कि गैस की उत्पादन लागत में बढ़ोतरी की वजह से हमें भी दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। सीएनजी का खुदरा दाम बढ़ाकर 86 रुपए प्रति किलोग्राम और पीएनजी का 52.50 रुपए प्रति किलोग्राम किया जा रहा है।
 
हालांकि, आईजीएल ने सीएनजी के दाम नहीं बढ़ाए हैं। सीएनजी का दाम 75.61 रुपए प्रति किलोग्राम पर कायम रखा गया है। आईजीएल ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में अब पीएनजी का दाम 50.46 रुपए प्रति घनमीटर हो गया है। वहीं गुरुग्राम में यह 48.79 रुपए प्रति इकाई हो गई है।(भाषा)