• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Pakistani army, India Pakistan border, firing

राजौरी में पाक गोलीबारी में एक जवान शहीद

Pakistani army
श्रीनगर। पाकिस्तान की ओर से हुई भारी गोलीबारी में घायल हुए बीएसएफ के एक हेड कांस्टेबल ने जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर में सोमवार को दम तोड़ दिया। राजौरी सेक्टर में एलओसी के पास पाकिस्तान की ओर से रविवार रात भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें राय सिंह (40) सहित बीएसएफ के चार जवान घायल हुए थे, जबकि बाकी जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। पाक गोलाबारी का भरपूर और जबरदस्त जवाब दिया गया जिससे पाक सेना को भारी क्षति पहुंची है। भारतीय पक्ष ने दावा किया है कि पाक सेना के कई जवान मारे गए हैं और जवाबी कार्रवाई में उसके कई बंकरों और फारवर्ड पोस्टों को क्षति पहुंची है।
बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार, राजौरी इलाके में एलओसी के पास पाकिस्तान की ओर से रविवार रात भारी गोलाबारी हुई। इसमें बीएसएफ के चार जवान घायल हो गए थे। हेड कांस्टेबल राय सिंह गंभीर रूप से घायल थे। उन्होंने सोमवार को दम तोड़ दिया। राय सिंह हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटे और मां हैं।
 
सूत्रों का कहना है कि बर्फबारी शुरू होने से पहले आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए पाक की ओर से सीजफायर उल्लंघन की आड़ में कवर फायर किया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए एलओसी से लगते इलाकों के स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी स्कूलों में परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। रविवार रात को पाकिस्तान ने फारवर्ड पोस्टों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इस दौरान 120 एमएम के भारी मोर्टार दागे गए। राजौरी जिले के मंजाकोट के नक्का पंजग्राई में कम से कम दस मोर्टार गोले गिरे।
 
अधिकारियों के मुताबिक, सेना एवं बीएसएफ संघर्ष विराम उल्लंघनों का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। ताजा रिपोर्ट आने तक मुठभेड़ जारी थी। इससे पहले भी पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम उल्लंघन किया। एक दिन पहले नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टरों में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से भारतीय चौकियों एवं असैन्य इलाकों को निशाना बनाया गया और मोर्टार दागे गए। छोटे हथियारों से गोलीबारी भी की गई। उसमें बीएसएफ का एक जवान और एक महिला घायल हो गए थे। दो मकान भी क्षतिग्रस्त हुए।
 
पाकिस्तानी सेना ने गत शनिवार सुबह नौशेरा सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। उसने दोपहर में भारतीय चौकियों एवं असैन्य इलाकों को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को जम्मू जिले के पल्लांवाला सेक्टर से लगे गांवों एवं भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था। उसने मंगलवार को भी राजौरी में एलओसी के पास चार घंटे तक भारी गोलीबारी एवं गोलाबारी करके भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था। इस पर भारतीय सेना और बीएसफ ने जवाबी कार्रवाई की थी।
 
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में इंटरनेशनल बार्डर एवं एलओसी पर 290 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और गोलाबारी की। सर्जिकल ऑपरेशन के बाद इस प्रकार की घटनाओं में 14 सुरक्षा जवानों समेत 26 लोगों की मौत हुई है।
ये भी पढ़ें
मानवीय लापरवाही निगल गई 145 जिंदगियां..!