सरयू पर 5 लाख श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी, पाएंगे पुण्य लाभ, मंदिरों में विशेष अर्चना
Makar Sankranti : मकर संक्रांति के पावन पर्व पर प्रभु श्रीराम की पवित्र नगरी अयोध्या संयम, समर्पण, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम में डूबी हुई नजर आ रही है। योगी सरकार द्वारा विकसित घाटों और की गई व्यवस्थाओं ने इस बार श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया है, जिससे अयोध्या की दिव्यता और भी बढ़ गई है। मंदिर प्रशासन के अनुमान के अनुसार, सरयू स्नान के लिए लगभग पांच लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंच चुके हैं। कड़ाके की ठंड भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी, जिसके चलते सुबह से ही सरयू घाटों पर स्नान और दान का सिलसिला लगातार जारी है।
ब्रह्म मुहूर्त में भोर होते ही सुबह चार बजे से ही हजारों श्रद्धालु पवित्र मां सरयू के तट पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करते दिखाई दिए। धार्मिक मान्यता है कि मकर संक्रांति के अवसर पर सरयू स्नान से समस्त पापों का नाश होता है तथा पुण्य की प्राप्ति होती है।
बुधवार रात्रि में सूर्य के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते ही दक्षिणायन से उत्तरायण होने के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया और अर्द्धरात्रि से ही स्नान, ध्यान व दान का क्रम शुरू हो गया है, यह स्नान बृहस्पतिवार की सुबह 4:51 बजे से 5:44 बजे तक स्नान विशेष लाभ देने वाला होगा।
देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालु गहरी आस्था के साथ दान-पुण्य करते नजर आए। सरयू में पुण्य स्नान के उपरांत श्रद्धालु हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर प्रभु के चरणों में शीश नवाते दिखाई दिए। राम मंदिर परिसर 'जय श्रीराम' के जयघोष से गूंज उठा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया।
मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालु काली दाल की खिचड़ी, गुड़ और तिल से बने मिष्ठान्न का दान कर रहे हैं। वहीं मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और आरती का आयोजन किया गया। राम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामलला का विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। इस अवसर पर भक्तों द्वारा रामलला को पतंग और विशेष भोग भी अर्पित किया गया।
मंदिर प्रशासन के अनुमान के अनुसार, सरयू स्नान के लिए लगभग पांच लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंच चुके हैं। कड़ाके की ठंड भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी, जिसके चलते सुबह से ही सरयू घाटों पर स्नान और दान का सिलसिला लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है।
मकर संक्रांति एवं माघ मेले के अवसर पर अयोध्या धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नगर निगम द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। 24×7 सफाई व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें 960 मेला कर्मी एवं 528 अतिरिक्त कर्मचारी तीन पालियों में तैनात हैं। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल और 15 पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।
बीएमएस, एंटी-स्मॉग गन और मैकेनाइज्ड मशीनों के माध्यम से सफाई एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। निराश्रित गोवंश संरक्षण हेतु विशेष टीमें गठित की गई हैं। ठंड से बचाव के लिए 345 स्थानों पर अलाव तथा 36 स्थानों पर गैस हीटर लगाए गए हैं।
Edited By : Chetan Gour