1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Odisha Health Minister Naba Das no more, shot at by an assistant sub inspector
Written By
Last Updated: रविवार, 29 जनवरी 2023 (20:56 IST)

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास का निधन, ASI ने चलाई थी गोली

भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास का निधन हो गया। झारसुगुड़ा जिले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) ने उन्हें गोली मार दी थी। घटना जिले के ब्रजराजनगर शहर में दोपहर करीब 1 बजे के आसपास उस समय हुई, जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास की रविवार को गोली लगने से मौत हो गई। अपोलो अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अस्पताल ने एक बयान में कहा, जख्मों का उपचार किया गया और हृदय की गति में सुधार के लिए कदम उठाए गए। गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उनका उपचार किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

मंत्री को पहले झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में ‘बेहतर इलाज’ के लिए उन्हें हवाई मार्ग से भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया था। आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच के बाद ही और जानकारियां सामने आ पाएंगी। नब किशोर दास खनन केंद्र झारसुगुड़ा के ताकतवर नेता थे और वर्ष 2019 के चुनाव से पहले कांग्रेस का साथ छोड़ बीजद में शामिल हुए थे। माना जाता है कि उनका कारोबारी हित कोयला खनन, परिवहन और आतिथ्य क्षेत्र में था।