नीतीश कुमार होंगे बिहार सीएम, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री
Bihar Politics : नीतीश कुमार गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में बिहार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ही एक बार फिर राज्य के उपमुख्यमंत्री होंगे। इस तरह बिहार की सियासत में एक बार फिर नीतीश, सम्राट और विजय की तिकड़ी ही राज करेगी।
जदयू विधायक दल की बैठक में आज सुबह नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वे कल सुबह 11:30 बजे भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इसके बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। विजय सिन्हा विधायक दल के उपनेता चुने गए। विधायकों में दोनों नेताओं को डिप्टी सीएम बनाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे। तीनों के नाम को औपचारिक मंजूरी आज शाम राजग विधायक दल की बैठक में मिलेगी।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटें जीतकर राजग ने बंपर जीत हासिल की। इस चुनाव में भाजपा 89 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है। जदयू 85 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर है। इस चुनाव में महागठबंधन मात्र 35 सीटों पर सिमट गया।
edited by : Nrapendra Gupta