मंगलवार, 2 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Manipur violence : Rahul gandhi stopped in manipur
Written By
Last Modified: गुरुवार, 29 जून 2023 (15:39 IST)

मणिपुर में पुलिस ने रोका राहुल गांधी का रास्ता, दिल्ली में गरमाई सियासत

rahul gandhi in manipur
Rahul Gandhi in Manipur : राहुल गांधी के मणिपुर दौरे पर उस समय बवाल मच गया जब पुलिस ने विष्णुपुर में उनके काफिले को रोक दिया। पुलिस ने राहुल के समर्थकों पर लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले भी छोड़े। इस मामले पर उस समय दिल्ली में सियासत गरमा गई जब कांग्रेस ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा। भाजपा ने भी इस मामले में कांग्रेस पर पलटवार करने में देर नहीं की।
 
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार हिंसा प्रभावित राज्य में गांधी की यात्रा को विफल करने का प्रयास कर रही है। पार्टी ने ट्वीट कर कहा, राहुल जी शांति और मोहब्बत का पैगाम लेकर मणिपुर पहुंचे हैं। इस बात से तानाशाह डरा हुआ है।
 
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, 'डबल इंजन वाली विनाशकारी सरकारें श्री राहुल गांधी की लोगों तक पहुंच को रोकने के लिए निरंकुश तरीकों का इस्तेमाल कर रही हैं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और सभी संवैधानिक तथा लोकतांत्रिक मानदंडों का उल्लंघन है।'
 
मणिपुर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने आरोप लगाया कि गांधी के काफिले को रोकने का आदेश मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की ओर से आया था क्योंकि हर कोई उनका स्वागत कर रहा था।
 
इस पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी के मणिपुर जाने से पहले वहां की ऑल मणिपुर स्टूडेंट यूनियन ने राहुल गांधी के विजिट को बायकॉट करने की मांग की है। कई सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन ने भी आह्वान किया था कि राहुल गांधी मणिपुर न आयें और यहां चिंगारी भड़काने का काम न करें।
 
इधर पुलिस सूत्रों ने कहा कि बिष्णुपुर जिले के उटलू गांव के निकट राजमार्ग पर टायर जलाए गए और काफिले पर कुछ पत्थर फेंके गए। हमें ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका है और इसलिए एहतियातन काफिले को बिष्णुपुर में रुकने का अनुरोध किया।
 
गौरतलब है कि मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच मई की शुरुआत में भड़की जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
ये भी पढ़ें
दिल्ली में पारंपरिक उत्साह व उल्लास के साथ मनाया ईद-उल-अजहा, राष्ट्रपति व सीएम केजरीवाल ने दी बधाई