Weather Update: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस वक्त गर्मी का कहर है। हर किसी को बस बारिश का इंतजार है। हालांकि उत्तर भारत में मौसम अब राहत के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 13 जून की रात से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिल सकती है। आईएमडी ने मौसम बदलने का अनुमान जताया है। ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जिसमें आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।
सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद : लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के आसपास के इलाकों, पूर्वोत्तर और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ अलग-अलग इलाकों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा सकती है। मानसून भारत के कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है जिस पर लगभग 42 प्रतिशत आबादी की आजीविका टिकी है और जो आज घरेलू उत्पाद में 18.2 प्रतिशत का योगदान देता है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के ज्यादा भागों में बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल : दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के ज्यादा भागों में बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है, वहीं पंजाब के ऊपर 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से एक ट्रफ रेखा हरियाणा और पश्चिम मध्यप्रदेश होते हुए दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश तक फैली हुई है, जो 0.9 किमी की ऊंचाई पर स्थित है।
ALSO READ: Weather Update: भारी बारिश और बाढ़ से पूर्वोत्तर भारत परेशान, इन राज्यों में गर्मी का प्रकोप
पश्चिमी उत्तरप्रदेश और इससे सटे क्षेत्रों में एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई के बीच एक चक्रवाती परिसंचरण बना है। उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओडिशा के पास एक चक्रवाती परिसंचरण है, जो 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।
उपरोक्त परिसंचरण से एक ट्रफ रेखा छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक होते हुए तटीय कर्नाटक तक फैली हुई है, जो 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई के बीच है। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में एक ट्रफ के रूप में 5.8 किमी की ऊंचाई पर 62° पूर्व देशांतर और 28° उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है।
पिछले 24 घंटों की देशभर में हुई मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में लू से लेकर तीव्र लू तक की स्थितियां दर्ज की गईं। पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों और दिल्ली में लू की स्थिति रही। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ भागों में भी लू चली। गोवा, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
यहां वर्षा हुई : केरल, आंतरिक कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्रप्रदेश, तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पश्चिम मध्यप्रदेश, पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में हल्की बारिश दर्ज की गई।
ALSO READ: Weather Update: पूरे उत्तर भारत में हीटवेव, राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी, IMD का अलर्ट
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 14 जून को तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा संभव है। लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 1-2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, तटीय ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश व गरज-चमक के साथ बौछारें संभावित हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, दक्षिण मध्यप्रदेश और दक्षिण गुजरात में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू से लेकर तीव्र लू की स्थिति बनी रह सकती है।
राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में लू की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में रातें गर्म रह सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और बिहार में गर्म और उमसभरा मौसम बना रह सकता है।
Edited by: Ravindra Gupta