रांची-दिल्ली एयर एंबुलेंस क्रैश, सिमरिया में 7 की मौत; खराब मौसम के बाद टूटा ATC संपर्क
Jharkhand News in Hindi : रांची से दिल्ली आ रही एयर एम्बुलेंस झारखंड में चतरा जिले के सिमरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मरीज समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी शवों को बरामद कर लिया गया है।
रेडबर्ड कंपनी की बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L एयर एंबुलेंस ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी, 7:34 पर एयरक्राफ्ट का एटीसी से संपर्क टूट गया। कुछ ही देर बाद यह समरिया के जंगलों में क्रैश हो गया।
बताया जा रहा है कि एयर एंबुलेंस से लातेहार जिले के संजय कुमार को बर्न सर्जरी के लिए रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था। हादसे में मरीज के साथ जा रहे सभी लोगों की मौत हो गई। विमान में 1 मरीज, 1 डॉक्टर, 1 पैरामेडिक, 2 अटेंडेंट, 1 पायलट (PIC) और 1 सह-पायलट भी थे।
DGCA के अनुसार, 7:30 बजे विमान ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी। हालांकि कुछ ही देर बाद विमान का कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क और रडार कनेक्शन टूट गया। फिर विमान क्रैश हो गया।
क्या बोले चतरा एसपी
चतरा SP सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि हम लोगों ने बॉडी रिकवर कर ली है। जो लोग यहां आ रहे हैं, उनसे हमारी विनती है कि वे लोग फोर्स के साथ कोऑपरेट करें। यहां डॉक्टरों की टीम बुलाई गई है। यहां रेस्क्यू टीम नहीं पहुंच पा रही थी क्योंकि यह जंगली इलाका है। हमारी प्राथमिकता इस क्षेत्र को सुरक्षित करना था।
जनवरी में विमान हादसे में गई थी अजित पवार की जान
गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र के बारामती में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोग भी मारे गए थे।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें