1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Gold became expensive due to increased customs duty

बजट इफेक्ट, सोना इससे पहले कभी नहीं हुआ इतना महंगा

Gold
नई दिल्ली। सरकार के सोने पर सीमा शुल्क बढ़ाने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शनिवार को एक दिन में 1,300 रुपए उछलकर 35,470 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। मोदी सरकार के पांच साल से ज्यादा के कार्यकाल में सोना पहली बार इतना महंगा हुआ है। 
 
सरकार ने शुक्रवार को संसद में पेश बजट में सोने तथा बेशकीमती धातुओं पर सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया है। इससे शनिवार को सोने में जबरदस्त तेजी देखी गई। चांदी भी 280 रुपए की बढ़त में एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 38,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
 
विदेशों में सप्ताहांत पर सोने में रही बड़ी गिरावट भी स्थानीय बाजार में पीली धातु को बढ़त में जाने से नहीं रोक सकी। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोना हाजिर 23.10 डॉलर लुढ़ककर 1,399.65 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 19.70 डॉलर की गिरावट के साथ बाजार बंद होते समय 1,401.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने से सोने पर दबाव रहा। वहां जून में एक बार फिर बेरोजगारी में अच्छी गिरावट आई है। शुक्रवार को जारी इस आंकड़े से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हुई है और सोने पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर चांदी हाजिर भी 0.34 डॉलर लुढ़ककर 14.97 डॉलर प्रति औंस रह गई।
अगला लेख
राहुल गांधी ने अदालत में किया आत्मसमर्पण, जमानत पर छूटे