• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi police reached to rahul gandhi home, congress gets angry
Written By
Last Modified: रविवार, 19 मार्च 2023 (13:52 IST)

राहुल गांधी के घर पर पहुंची दिल्ली पुलिस, कांग्रेस का सवाल- 45 दिन बाद क्यों आई याद?

राहुल गांधी के घर पर पहुंची दिल्ली पुलिस, कांग्रेस का सवाल- 45 दिन बाद क्यों आई याद? - delhi police reached to rahul gandhi home, congress gets angry
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस 'महिलाओं के यौन उत्पीड़न' के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान की गई टिप्पणी को लेकर उन्हें जारी नोटिस के सिलसिले में रविवार को यहां उनके आवास पहुंची। राहुल के घर पुलिस पहुंचने पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
 
अधिकारियों ने बताया कि विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा के नेतृत्व में पुलिस दल राहुल के 12, तुगलक लेन स्थित आवास पर पहुंचा। बहरहाल, अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस नेता के आवास पर 2 घंटे से अधिक समय गुजारने के बावजूद पुलिस दल उनसे नहीं मिल सका है।
 
पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्वीट में कहा, भारत जोड़ो यात्रा' और राहुल गांधी जी ने महिलाओं को अपनी समस्याएं व दर्द साझा करने का एक सुरक्षित मंच दिया। दिल्ली पुलिस का यह शर्मनाक कदम साबित करता है कि अडानी मामले पर हमारे सवालों से PM मोदी घबराए हुए हैं। ऐसी हरकतों से हमारा हौसला और मजबूत हुआ है, हम जवाब लेकर रहेंगे।
 
कांग्रेस ने सवाल किया कि दिल्ली पुलिस 45 दिन बाद क्यों जागी? पुलिस को पहले याद क्यों नहीं आई। सरकार इस मामले में राजनीति कर रही है। 

छत्तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा, उस 'एक अकेले' को बचाने के लिए वो 'दो अकेले' पूरी सिद्धत से दिन-रात लगे हैं। संसद में माइक बंद, सांसदों के मार्च पर रोक और जब सारी कोशिशें विफल हुईं और देश का सवाल अडिग रहा तो अब राहुल गांधी के घर पर दिल्ली पुलिस भेज दी। आप ‘दोस्ती’ के सवालों से ध्यान नहीं भटका सकते।
 
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को एक प्रश्नावली भेजी थी और उनसे यौन उत्पीड़न की शिकायत को लेकर संपर्क करने वाली महिलाओं के बारे में विवरण देने को कहा था।
 
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के श्रीनगर चरण के दौरान बयान दिया था, 'मैंने सुना है कि महिलाओं का अब भी यौन उत्पीड़न हो रहा है।' पुलिस ने कांग्रेस नेता से इन पीड़ितों का विवरण देने को कहा था, ताकि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।
ये भी पढ़ें
संकट में पाकिस्तान, आयात पर रोक से बढ़ा बेरोजगारी का संकट