• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi police reached to atishi home to issue notice
Last Updated : रविवार, 4 फ़रवरी 2024 (11:24 IST)

केजरीवाल के बाद आतिशी के घर पहुंची पुलिस, MLA खरीद-फरोख्त केस में नोटिस

atishi
Delhi news in hindi : केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना के घर पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। हालांकि आतिशी अपने आवास पर नहीं थीं इस पर पुलिस वापस लौट गई।

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, टीम आतिशी को नोटिस देने फिर जाएगी। वह आज सुबह अपने घर में मौजूद नहीं थीं।

दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी मार्लेना ने पिछले दिनों बीजेपी पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कुछ विधायकों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश का आरोप लगाया था। भाजपा ने भी इस मामले में आप नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
 
 
इससे पहले दिल्ली पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने शनिवार को 5 घंटे के नाटकीय घटनाक्रम के बाद यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उन्हें एक नोटिस तामील कराया और आम आदमी पार्टी के सात विधायकों की भाजपा द्वारा खरीद-फरोख्त का प्रयास किए जाने के उनके आरोपों पर तीन दिनों के अंदर उनसे जवाब मांगा।
 
अपराध शाखा ने केजरीवाल से आप के उन विधायकों के नामों का खुलासा करने को कहा, जिन्होंने भाजपा द्वारा उनसे संपर्क किये जाने का दावा किया था। केजरीवाल ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि भाजपा ने दिल्ली में उनकी सरकार गिराने के लिए आप के सात विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए देने की पेशकश की है।
 
इसके बाद, दिल्ली की मंत्री आतिशी ने भी संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया था कि भाजपा ने दिल्ली में ‘ऑपरेशन लोटस (कमल) 2.0’ शुरू किया है। 
 
आतिशी ने कहा कि उन्होंने आप विधायकों को पैसे की पेशकश कर अपने पाले में करने की इसी तरह की कोशिश पिछले साल भी की थी, लेकिन वे असफल रहे।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
क्या राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश यादव?