1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. दिग्विजय के भाई की सीएम कमलनाथ को सलाह, सरकार बचाने से ज्यादा सरकार चलाने में ध्यान दें

दिग्विजय के भाई की सीएम कमलनाथ को सलाह, सरकार बचाने से ज्यादा सरकार चलाने में ध्यान दें

Laxman singh
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ इन दिनों विरोधियों से ज्यादा अपनों के निशाने पर हैं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन से ही नाखुश नजर आ रहे दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने अब मुख्यमंत्री कमलनाथ को कमजोर और मजबूर मुख्यमंत्री बता दिया है। अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले सीनियर विधायक लक्ष्मण सिंह ने अब मुख्यमंत्री कमलनाथ को सलाह देते हुए कहा कि मजबूर नहीं मजबूत मुख्यमंत्री बनकर काम करें।

उन्होंने कहा कि अब तक मुख्यमंत्री कमलनाथ अपनी सरकार को बचाने के प्रयास में ही लगे हुए हैं, उन्होंने कहा कि अब सरकार चलाने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरा मुख्यमंत्री को सुझाव है कि सरकार चलाने में ज्यादा ध्यान दें, सरकार बचाने में कम।

इतना ही नहीं लक्ष्मण सिंह ने इशारों ही इशारों में सरकार के स्थायित्व पर भी सवाल उठा दिए हैं, उन्होंने कहा कि सरकार जब तक रहेगी तब तक रहेगी। मुख्यमंत्री को मजूबत मुख्यमंत्री की तरह काम कर प्रदेश की भलाई के लिए काम करना चाहिए। लक्ष्मण सिंह ने कमलनाथ सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन पर कहीं भी सरकार दिख ही नहीं रही है।

ऐसा नहीं है कि लक्ष्मण सिंह ने पहली बार अपनी सरकार को घेरा है इससे पहले उन्होंने किसान कर्जमाफी और अतिवृष्टि से बर्बाद हुए किसानों के मुआवजे  को लेकर भी अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए थे।  
लेखक के बारे में
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। .... और पढ़ें
अगला लेख
महंगाई के आतंक से परेशान हुई पाकिस्तान की जनता, टमाटर 300 तो अदरक मिल रहा है 500 रुपए किलो