गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Assembly bypoll results: BJP wins 4 seats, RJD bags Mokama, TRS in Munugode
Written By
Last Updated : रविवार, 6 नवंबर 2022 (22:34 IST)

By Elections2022 : 6 राज्यों के 7 विधानसभा सीटों के उपचुनावों में 4 पर BJP की जीत, 1-1 सीट पर RJD-TRS और उद्धव कैंप का कब्जा

By Elections2022 : 6 राज्यों के 7 विधानसभा सीटों के उपचुनावों में 4 पर BJP की जीत, 1-1 सीट पर RJD-TRS और उद्धव कैंप का कब्जा - Assembly bypoll results: BJP wins 4 seats, RJD bags Mokama, TRS in Munugode
नई दिल्ली। By Elections2022 News : देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के रिजल्ट में भाजपा ने 4 पर जीत हासिल की। बिहार की मोकामा में आरजेडी, मुंबई की अंधेरी ईस्ट सीट पर उद्धव कैंप और तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर टीआरएस की जीत मिली है। बिहार की गोपालगंज, उत्तरप्रदेश की गोला गोकर्णनाथ और हरियाणा की आदमपुर और ओडिशा की धामनगर सीट पर भाजपा को जीत मिली। जानिए क्या रहा हार-जीत का गणित- 
सहानुभूति की लहर में भाजपा को जीत : ओडिशा की धामनगर सीट पर हुए उपचुनाव में अपने उम्मीदवार के पक्ष में चली सहानुभूति की लहर और बागियों के कारण बीजू जनता दल (बीजद) के मतदाताओं में बंटवारे के बूते भाजपा ने इस पर जीत हासिल की।
 
भाजपा ने पार्टी के दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को इस सीट से मैदान में उतारा था। सूरज ने सत्ताधारी बीजद की उम्मीदवार अंबाती दास को 9,881 के अंतर से हराया।  धामनगर सीट 19 सितंबर को भाजपा विधायक बिष्णु चरण सेठी के निधन के कारण खाली हुई थी।
 
भाजपा उम्मीदवार एवं सेठी के पुत्र सूर्यवंशी सूरज को 80,351 वोट जबकि उनकी निकटतम तिद्वंद्वी अंबाती दास को 70,470 वोट मिले। उन्होंने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार बाबा हरेकृष्णा सेठी को केवल 3,561 मत मिले हैं। बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि यह चुनाव प्रत्याशित था।  
34 हजार से ज्यादा मतों से जीत : उत्तरप्रदेश की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अमन गिरि ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी विनय तिवारी को 34 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। यहां गिरि को 1,24,810 और श्री तिवारी 90,512 मत मिले।
आदमपुर में पहली बार खिला कमल : हरियाणा में हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार कमल खिला है। यहां भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के जय प्रकाश को 15740 मतों के अंतर से पराजित कर पहली बार विधानसभा में पहुंचे हैँ। श्री बिश्नोई को 67492 तथा श्रीजय प्रकाश को 51752 मत मिले।
गोपालगंज में कांटे की टक्कर : बिहार में गोपालगंज उपचुनाव में कांटे की टक्कर रही। अंतिम चक्र की मतगणना की समाप्ति के बाद भाजपा की कुसुम देवी ने राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता को 2183 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है। वहीं मोकामा सीट पर राजद की नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी को 16,707 मतों से हराया।
 
टीआरएस ने कांग्रेस से छीनी सीट : तेलंगाना में मुनुगोडे विधानसभा उपचुनाव में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) उम्मीदवार के प्रभाकर रेड्डी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी के राजगोपाल रेड्डी को 10 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। टीआरएस ने कांग्रेस पार्टी से मुनुगोडु विधानसभा सीट छीनी है। प्रभाकर रेड्डी को 96574 वोट मिले हैँ जबकि राजगोपाल रेड्डी के 86515 मत हासिल हुए हैं। कांग्रेस पार्टी ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और उसके उम्मीदवार पलवई श्रावंती को 23,449 वोट मिले।
अंधेरी पर उद्धव धड़े का कब्जा : उद्धव ठाकरे की शिवसेना धड़े की उम्मीदवार ऋतुजा लटके ने मुंबई उपनगर के अंधेरी निर्वाचन क्षेत्र से 66,247 मतों से जीत हासिल की। लटके ने 66,530 वोट यानी 76.85 प्रतिशत मत हासिल किए। 12,806 मतदाताओं यानी 14.79 प्रतिशत वोटरों ने 'उपरोक्त में से कोई नहीं' (नोटा) विकल्प चुना, जो दो छोटी पार्टियों और चार निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर मिले कुलों वोटों से लगभग दोगुना है। 
 
मौजूदा विधायक और ऋतुजा के पति रमेश लटके का इस साल मई में निधन हो जाने के कारण उपचुनाव हुआ। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना विधायकों के एक तबके के विद्रोह की वजह से जून में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार के गिरने के बाद महाराष्ट्र में यह पहला चुनावी मुकाबला था। जीत के बाद ठाकरे ने कहा कि लटके की जीत से पता चलता है कि लोग शिवसेना का समर्थन कर रहे हैं। एजेंसियां Edited by Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
तंजानिया में छोटा यात्री विमान दुर्घटना के बाद विक्टोरिया झील में गिरा, 19 लोगों की मौत