1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Amit Shah no 2 in Modi Government

मोदी के बाद अमित शाह होंगे सरकार में नंबर 2, गृह मंत्रालय की मिली जिम्मेदारी

Amit Shah
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कैबिनेट के सहयोगियों में विभागों का बंटवारा कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अब मोदी सरकार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे। पिछली मोदी सरकार में गृहमंत्री रहे राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री बनाया गया है।
 
अमित शाह को गृह मंत्री बनाए जाने के बाद एक बात साफ हो गई है कि शाह सरकार में नंबर दो की हैसियत से काम करेंगे। इससे पहले जब गुरुवार को मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद राजनाथ ने मंत्री पद की शपथ ली थी। उसके बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि राजनाथ सिंह सरकार में नंबर -2 की हैसियत से काम करेंगे और उनको फिर एक बार फिर गृहमंत्री बनाया जाएगा लेकिन आज मंत्रियों के विभाग बंटवारे के साथ साफ हो गया है कि अमित शाह सरकार में प्रधानमंत्री मोदी के बाद नंबर दो की हैसियत के काम करेंगे। उनको सबसे महत्वपूर्ण विभाग गृहमंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
 
अमित शाह जो पहली बार लोकसभा में पहुंचे उनको पहली ही बार में गृह मंत्रालय जैसे भारी भरकम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले गुजरात में मोदी सरकार में शाह गृह राज्यमंत्री रह चुके हैं। उस वक्त अमित शाह कुछ फैसलों के कारण विवादों में रहे थे। सरकार के कामकाज पर नजर रखने वाले जानकार बताते रहे हैं कि हमेशा से गृह मंत्री उसे बनाया जाता है जो सरकार में नंबर दो की हैसियत रखता है। जैसे अटल सरकार के समय लालकृष्ण आडवाणी नंबर -2 की हैसियत से गृह मंत्रालय का कामकाज संभालते थे।
 
वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गुप्ता कहते हैं कि अमित शाह को गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी देना इस बात का साफ संकेत है कि वो सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब नंबर-2 की हैसियत से काम करेंगे।
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
मोदी सरकार 2 में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, जानिए किसे मिला कौनसा मंत्रालय