• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Amarnath Yatra : 12,000 pilgrims did darshan of baba barfani
Written By
Last Updated : रविवार, 2 जुलाई 2023 (10:18 IST)

Amarnath Yatra : 2 दिन में 12,000 से श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, तीसरा जत्था रवाना

Amarnath Yatra : 2 दिन में 12,000 से श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, तीसरा जत्था रवाना - Amarnath Yatra : 12,000 pilgrims did darshan of baba barfani
Amarnath Yatra : अमरनाथ वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए रविवार को यहां आधार शिविर से 4,903 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। अभी तक कुल 12,807 श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 30 जून को श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया था।
 
इस 62 दिवसीय यात्रा के पहले दिन 8,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इस यात्रा के लिए दो मार्ग हैं। पहला, अनंतनाग जिले का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग, जो छोटा किंतु बेहद दुर्गम है।
 
आज सुबह 104 वाहनों में 379 महिलाओं और 226 साधुओं समेत 2,557 श्रद्धालु पहलगाम के लिए रवाना हुए जबकि 131 वाहनों में 2,346 श्रद्धालु बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए। इस तीर्थयात्रा के लिए अभी तक 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
 
कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन : 1 जुलाई 2023 से अमरनाथ यात्रा प्रारंभ हो गई है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की कई लोगों को प्रक्रिया नहीं पता है इसलिए वे ठगी का शिकार भी हो जाते हैं। ऐसे में जानिए कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की क्या रहती है प्रक्रिया और कब से कब तक कराना चाहिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन।
  • पूरे देश में अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण के लिए करीब 542 बैंक शाखाओं में रजिस्ट्रेशन का कार्य होता है।
  • श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से फार्म के साथ लगाना होता है। इसी के साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो, आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी अटैच्ड करना होगी। साथ ही यात्रा की दिनांक और यात्रा मार्ग भी बताना होता है।
  • श्री अमरनाथ यात्रा 2023 का पंजीकरण करवाने के लिए भारतभर में बैंकों की नामित शाखाओं के माध्यम से पंजिकरण करवाकर ही यात्रा पर जाएं। इसके लिए करीब 31 बैंक नामित है। पंजाब नेशनल बैंक की किसी भी शाखा में पंजीयन होंगे।
  • आप संबंधित बैंक की वेबसाइट या बैंक में जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण और यात्रा परमिट सबसे पहले आने वाले को सबसे पहले के आधार पर किया जाता है।
  • ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए वेबसाइट https://jksasb.nic.in पर जा सकते हैं। यहां पर नामित शाखाओं की लिस्ट भी मिल जाएगी।
  • ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का शुल्क प्रति व्यक्ति 220 रुपए है। एनआरआई से पीएनबी के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1,520 रुपए लिया जा सकता है।
  • अधिक जानकारी के लिए आप टोल-फ्री नंबर- 18001807198/18001807199 पर संपर्क कर सकते हैं।
  • 13 वर्ष उम्र से कम या 75 वर्ष से ऊपर और गर्भवती महिलाओं का पंजिकरण नहीं होता है। 
  • हर यात्री को आवेदन पत्र और अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र यात्रा परमिट प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत करना होता है। 
  • पंजीकरण के साथ ही यात्रियों को बीमा कवर मिलता है। इसके अलावा यात्रा के जोखिम को देखते हुए श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पहले अलग से बीमा करवा सकते हैं। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
मणिपुर के इंफाल पश्चिम में पाबंदियों में ढील, 2 माह बाद लोगों को मिली बड़ी राहत