मंगलवार, 4 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Aaj Ke taaja samachar: latest breaking news today in Hindi 28 December 2024 live updates
Last Updated : शनिवार, 28 दिसंबर 2024 (18:22 IST)

महाकुंभ नगरी प्रयागराज में ब्रिज टॉवर गिरने से हादसा, 5 मजदूर घायल

Manmohan Singh
Manmohan Singh Cremation Today: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह निगमबोध घाट पहुंचने वाली है। मनमोहन की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन के अंतिम दर्शन किए। इसके बाद पार्थिव देह को निगमबोध घाट ले जाया जा रहा है। राहुल गांधी पार्थिव देह के साथ गाड़ी में ही बैठे हैं। यहां 11:35 बजे उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। केसी वेणुगोपाल ने कहा- सरकार पूर्व पीएम का स्मारक बनाने के लिए जमीन तक नहीं तलाश पाई। ये देश के पहले सिख पीएम का अपमान है।
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी-शाह से मांग की थी कि मनमोहन सिंह का जहां अंतिम संस्कार हो, वहीं स्मारक बनाया जाए। हालांकि, गृह मंत्रालय ने देर रात बताया कि स्मारक की सही जगह तय करने में कुछ दिन लग सकते हैं।

डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
manmohan singh


06:21 PM, 28th Dec
Breaking News

प्रयागराज हादसा : महाकुंभ नगरी प्रयागराज में बिजली का तार खींचते समय बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान ब्रिज टॉवर गिरने से 5 मजदूर जख्मी हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सराय इनायत इलाके में हुआ। 

01:25 PM, 28th Dec
‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मनमोहन आपका नाम रहेगा' : मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्‍यालय 24 अकबर रोड से निगमबोध घाट के लिए निकली। पार्थिव शरीर के साथ मुख्‍य वाहन में राहुल गांधी भी बैठे नजर आए। कांग्रेस मुख्यालय से निगमबोध घाट तक उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई, तो इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मनमोहन आपका नाम रहेगा' और ‘मनमोहन सिंह अमर रहें' नारे लगाते रहे।
manmohan singh


01:07 PM, 28th Dec
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलिन हुए। उन्हें मुखाग्नि दी गई। अग्नि संस्कार के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बडे नेता मौजूद रहे। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को निगम बोधघाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को सेना की तोपगाड़ी पर दिल्ली के निगमबोध घाट लाया गया। यहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान के बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। बड़ी बेटी उपिंदर सिंह (65), दूसरी बेटी दमन सिंह (61) और तीसरी बेटी अमृत सिंह (58) निगम घाट पर मौजूद थे। परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की।

11:56 AM, 28th Dec
आर्मी ट्रक पर पार्थिव शरीर को निहारते रहे राहुल : डॉ मनमोहन सिंह को बैंड मार्च के साथ पार्थिव शरीर को आखिरी विदाई दी गई। पीएम नरेंद्र मोदी निगम बोध घाट पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निगम बोध घाट पहुंचे। मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर जैसे ही कांग्रेस के हेडक्वार्टर से निगमबोध घाट के लिए निकला, लाखों की संख्या में समर्थक उनके गाड़ी के पीछे दौड़ने लगे। परिवार की सदस्य की तरह राहुल गांधी मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के साथ आर्मी की गाड़ी में बैठे थे। नम और सुखी आंखों से वह पार्थिव शरीर को निहारत रहे। राहुल गांधी के अलावा अन्य कांग्रेस नेता और मनमोहन सिंह के परिवार के लोग दूसरी ट्रक में भारतीय शेयर की गाड़ी के साथ निगम घाट पहुंचे।

11:48 AM, 28th Dec
क्या है मौसम विभाग की भविष्यवाणी : दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। कल भी दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश से मौसम एकदम बदल गया था और तापमान में गिरावट दर्ज हुई थी। बारिश की मुख्य वजह पश्चिम विक्षोभ का सक्रिय होना बताया जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और आने वाले दिनों में भी दिल्लीवासियों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। आईएमडी के मुताबिक 28 और 29 दिसंबर को भी बारिश होने की संभावना है, इस संबंध में आईएमडी की ओर से अलर्ट जारी किया जा चुका है। दिल्ली में दिन के समय में हल्की से मध्यम बारिश होगी और कई जगहों पर मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।

11:44 AM, 28th Dec
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पार्थिव देह निगमबोध घाट पहुंच गई है। पार्थिव देह को सेना की तोप गाड़ी पर रखा गया। राहुल गांधी पार्थिव देह के साथ गाड़ी में बैठे थे। घाट पर मनमोहन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। थोड़ी देर में उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। पूर्व पीएम मनमोहन की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी उपिंदर सिंह 65 साल की हैं, उनके दो बेटे हैं। दूसरी बेटी दमन सिंह का एक बेटा है। तीसरी बेटी अमृत सिंह 58 साल की हैं। मनमोहन की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन के अंतिम दर्शन किए।

10:07 AM, 28th Dec
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पाकिस्तान और भुटान जैसे देशों ने भी श्रद्धाजंलि दी है। वैसे उन्हें पूरी दुनिया में श्रद्धाजंलि दी जा रही है। रूस के राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन, फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से लेकर अमेरिका, ब्राजील, श्रीलंका, बांग्‍लादेश तक के नेताओं ने उन्‍हें नमन किया। किसी ने उन्‍हें अपना सच्‍चा दोस्‍त, किसी ने भाई बताकर याद किया। पाकिस्‍तान ने मनमोहन सिंह को अपने देश का सच्‍चा बेटा बताते हुए ‘अपनापन’ दिखाया मगर भूटान भी भावुक हो गया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने इशाक डार ने लिखा, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से दुखी हूं। पाकिस्तान के चकवाल जिले के एक गांव में जन्मे डॉ. सिंह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री और राजनेता थे। उन्हें उनकी बुद्धिमत्ता और सौम्य व्यवहार के लिए याद किया जाएगा। अर्थशास्त्र के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के अलावा डॉ. सिंह ने क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देने के लिए काम किया। प्रधानमंत्री रहते हुए भारत-पाकिस्‍तान संबंधों को बेहतर बनाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई। इसमें इशाक डार बता रहे हैं कि मनमोहन सिंह का जन्‍म पाकिस्‍तान के गाह गांव में हुआ था। गांव के लोगों ने भी उन्‍हें याद किया। अल्‍ताफ हुसैन ने कहा, हमने एक शोकसभा भी रखी थी और उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। अल्‍ताफ हुसैन गाह गांव के उसी स्कूल में शिक्षक हैं जहां मनमोहन सिंह ने कक्षा 4 तक पढ़ाई की थी। स्‍कूल के रजिस्‍टर में आज भी उनका एडमिशन नंबर 187 दर्ज है। 17 अप्रैल 1937 को मनमोहन सिंह ने यहां एडमिशन लिया था।

08:44 AM, 28th Dec
बर्फबारी अब सैलानियों के लिए आफत बन गई : नए साल से पहले बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में बर्फबारी का मजा लेने पहुंचे है। मगर यही बर्फबारी अब सैलानियों के लिए आफत बन गई है। बर्फबारी इतनी भयंकर हुई है कि गाड़ियां आगे बढ़ नहीं रही। जहां-तहां टूरिस्ट यानी सैलानी फंस गए हैं। उन्हें सड़कों पर रात गुजारने पर मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में उनके लिए कश्मीरी ही देवदूत बन रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के सोनबर्ग से लेकर अनंतनाग और बारामूल में बर्फबारी के चलते स्थिति विकराल है। भले ही यह बर्फबारी दूर से अच्छी लग रही हो, मगर अब यह सैलानियों के लिए काल बन गई है। अब इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद के लिए लोकल कश्मीरी ही सामने आए हैं। जब बर्फबारी में सैलानी फंसे तो कश्मीरियों ने अपने घरों और मस्जिदों के दरवाजे खोल दिए।

08:39 AM, 28th Dec
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना की : कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वो पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाया जाए। कांग्रेस की इस मांग को लेकर देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना की है। आपको बता दें कि खरगे ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए दिल्ली में जमीन आवंटित की जाए। कांग्रेस का कहना है कि डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार वाली जगह पर ही उनका स्मारक बनाया जाना चाहिए। शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस की इस मांग को लेकर उसकी आलोचना की है। शमिष्ठा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर दावा किया है कि जब 2020 में उनके पिता और देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का निधन हुआ तो कांग्रेस नेतृत्व ने कांग्रेस कार्य समिति द्वारा शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई। शर्मिष्ठा ने उस दौरान कांग्रेस नेतृत्व पर इस मुद्दे पर उन्हें गुमराह करने का भी आरोप लगाया है।