• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. A female Naxalite killed in an encounter with security forces
Written By
Last Modified: बुधवार, 29 अप्रैल 2020 (12:01 IST)

सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में एक महिला नक्सली ढेर, 2 जवान भी घायल

Naxalite encounter
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। मुठभेड़ में 2 जवान घायल भी हुए हैं।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बुधवार को बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में सुबह मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। इस घटना में दो जवान भी घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र में डीआरजी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। पुलिस दल जब कडेमेटा पुलिस शिविर के करीब था, तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में एक डीआरजी जवान और एक सीएएफ जवान घायल हो गया।

उन्होंने कहा कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए। बाद में जब सुरक्षाबल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक महिला नक्सली का शव, एक एसएलआर रायफल और 12 बोर की एक बंदूक बरामद की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।(भाषा) 
ये भी पढ़ें
Corona Live Updates : राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 19 नए मामले