दतिया से बीजेपी उम्मीदवार बनने के बाद बोले आशुतोष तिवारी, नरोत्तम मिश्रा परिवार के मुखिया, उनका आशीर्वाद मेरे साथ
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी आलाकमान ने दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट कर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। संगठन में लंबा कामकाज का अनुभव रखने वाले आशुतोष तिवार को बीजेपी ने जब अपना उम्मीदवार बनाया तो वह दतिया से 400 किलोमीटर दूर राजधानी भोपल में थे। टिकट का एलान होते ही आशुतोष तिवारी पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आवास पर पहुंचे फिर वह प्रदेश बीजेपी दफ्तर पहुंचे। बीजेपी दफ्तर पहुंचे आशुतोष तिवारी से 'वेबदुनिया' ने दतिया उपचुनाव को लेकर एक्सक्लूसिव बात की।
दतिया से टिकट मिलने पर क्या कहेंगे?- दतिया उपचुनाव में पार्टी ने जिस भरोसे के साथ मुझे उम्मीदवार बनाया है, उसके के लिए मैं पार्टी नेतृत्व का आभार और धन्यवाद देता हूं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी नेतृत्व बड़े मन से आशीर्वाद दिया है। मैं पूरा प्रयास करूंगा कि उनके भरोसे पर खरा उतर सकूं।
नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आपको दिया गया?- नरोत्तम मिश्रा परिवार के मुखिया और मेरे अभिभावक है और उनका आशीर्वाद मेरे साथ है। परिवार के मुखिया कभी अपने परिवार से दूर नहीं होते है, उनका पूरा आशीर्वाद और सहयोग मरे साथ है।
संगठन के बाद अब दतिया से चुनाव की जिम्मेदारी?- बीजेपी का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर काम करता है। पहले भी पार्टी के अंदर मेरी जो भी भूमिका रही, उसको भी पार्टी ने तय किया और पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर ही मैंने काम किया। अब पार्टी नेतृत्व ने जिस भरोसे के साथ चुनाव लड़ने को निर्देश दिया है,उसकी भरोसे के साथ दतिया जा रहा हूं।
कौन है आशुतोष तिवारी?-दतिया उपचुनाव में भाजपा आलाकमान ने चौंकने वाले फैसला करते हुए दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा का टिकट कर आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। आशुतोष तिवारी दतिया जिले के भांडेर के रहने वाले है और मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके है। आशुतोष तिवारी संभागीय संगठन मंत्री रह चुके है।आशुतोष तिवारी की गिनती बीजेपी के उन नेताओं में होती है जिनका लंबा संगठन अनुभव है। दतिया क्षेत्र में उनका संगठनात्मक जुड़ाव और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें उपचुनाव में मौका दिया है। हालांकि, पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रोफाइल जारी नहीं की है।

