• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhav National Park of Shivpuri will be the 9th tiger reserve of the state.
Last Modified: बुधवार, 5 मार्च 2025 (18:07 IST)

शिवपुरी का माधव नेशनल पार्क होगा प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व, CM छोड़ेंगे बाघों का जोड़ा

शिवपुरी का माधव नेशनल पार्क होगा प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व, CM छोड़ेंगे बाघों का जोड़ा - Madhav National Park of Shivpuri will be the 9th tiger reserve of the state.
भोपाल। टाइगर स्टेट का दर्जा हासिल कर चुके मध्यप्रदेश को जल्द ही एक नए टाइगर रिजर्व पार्क की सौगात मिलने जा रही है। शिवपुरी जिले का माधव नेशनल पार्क प्रदेश का 9वां बाघ संरक्षित क्षेत्र होगा, जो चंबल क्षेत्र में वन्य जीव प्रेमियों के लिए पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद बाघों का एक जोड़ा माधव नेशनल पार्क में छोड़ेंगे। इससे चंबल रेंज में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। एशिया में पहली बार चीते भी चंबल के कूनो नेशनल पार्क में दिखाई दे रहे हैं। चंबल नदी क्षेत्र में घड़ियाल एवं डॉल्फिन प्रोजेक्ट पर भी कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा टाइगर मध्यप्रदेश में हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक मध्यप्रदेश आते हैं। बाघ संरक्षित क्षेत्र में जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए सभी नेशनल पार्कों में सीजन भर पर्यटकों का आवागमन रहता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में बाघों की संख्या और उनके संरक्षण से प्राप्त उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित प्रदेशवासियों को बधाई दी।

टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में तेजी से बढ़ा बाघों का कुनबा-- मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या 785 है जो कि देश में सबसे अधिक है। अखिल भारतीय बाघ गणना -2022 के अनुसार  मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या में देश में सर्वाधिक वृद्धि हुई है। वहींप्रदेश के टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में तेजी से बाघों की संख्या बढ़ रही है। वर्तमान में बांघवगढ़ टाइगर रिजर्व में सबसे अधिक बाघों की संख्या है। देश में सर्वाधिक छह टाइगर रिजर्व सतपुड़ा, पन्ना, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़ और संजय दुबरी टाइगर रिजर्व हैं। पांच नेशनल पार्क और 10 सेंचुरी भी हैं। दमोह जिले के नौरादेही अभयारण्य को छठवां टाइगर रिजर्व बनाया गया है।प्रदेश का पहला टाइगर रिजर्व 1973 में कान्हा टाइगर बना। इनमें सबसे बड़ा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और सबसे छोटा पेंच टाइगर रिजर्व है।