जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, मृतक संख्या 9 हुई, रेस्क्यू जारी
Jabalpur News : मध्यप्रदेश के जबलपुर के प्रसिद्ध बरगी डैम में एक क्रूज तेज तूफान के चलते संतुलन खो बैठा और डूब गया। क्रूज में 31 लोग सवार थे। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
कैसे हुआ हादसा?
हादसे के वक्त जब क्रूज नर्मदा के गहरे बैकवाटर में स्थित खामरिया टापू पर था। अचानक मौसम बदला और तेज हवाएं चलने लगीं। पानी की ऊंची लहरों और तेज हवा के दबाव के कारण क्रूज ने अपना संतुलन खो दिया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नाविकों और प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों के साथ ही एसडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। रात को लगभग साढ़े 10 बजे सेना का एक दल मौके पर पहुंचा। अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
कंट्रोल रूम स्थापित
बरगी बांध में क्रूज पलटने की घटना के संबंध में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नम्बर 0761-2624355 है। कंट्रोल रूम का इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह को बनाया गया है और यह रात भर चालू रहेगा। कंट्रोल रूम से संपर्क कर कोई भी व्यक्ति घटना में मिसिंग व्यक्तियों के बारे में या अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान कर सकेगा।
हादसे पर क्या बोले सीएम यादव
सीएम मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश।
4 मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान कोतवाली निवासी नीतू सोनी (43), दिल्ली कैंट निवासी मधुर मसीह (62), खमरिया निवासी सौभाग्य अलगन (42) एवं तमिल (5) के रूप में हुई है।
edited by : Nrapendra Gupta
