शुक्रवार, 21 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. मप्र-छग
Written By भाषा
Last Modified: भोपाल (भाषा) , शनिवार, 19 सितम्बर 2009 (12:25 IST)

मप्र के पाँच राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा

मप्र के पाँच राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा -
मध्यप्रदेश सरकार ने महाराजा अग्रसेन एवं महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय सम्मान सहित शुक्रवार को यहाँ अपने पाँच सम्मानों की घोषणा कर दी।

प्रदेश के संस्कृति एवं जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि इन सभी सम्मानों के लिए नाम इनके लिए गठित अलग-अलग चयन समितियों द्वारा तय किए गए हैं।

रामकृष्ण मिशन बेल्लूर मठ को वर्ष 2009-10 के लिए सामाजिक सद्भाव, समरसता एवं श्रेष्ठतम उपलब्धियों के क्षेत्र में स्थापित महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में समग्र रचनात्मक अवदान एवं सृजनात्मकता के लिए स्थापित महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय सम्मान विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नयी दिल्ली को दिया जाएगा।

वर्ष 2008-09 के लिए हिन्दी सिनेमा में निर्देशन, अभिनय, पटकथा एवं गीत लेखन विधाओं के क्षेत्र में स्थापित किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान इस बार दिवंगत गीतकार गुलशन बावरा को तथा सुगम संगीत के क्षेत्र में स्थापित लता मंगेशकर राष्ट्रीय सम्मान संगीतकार रवि को दिया जाएगा।

संस्कृति मंत्री ने कहा कि पुरातत्व संरक्षण एवं पुरा संस्कृति के क्षेत्र में डॉ. विष्णुश्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय सम्मान वर्ष 2008-09 के लिए दिल्ली के सुप्रसिद्ध पुरातत्वविद् पद्मश्री प्रो. बी.बी. लाल को दिया जाएगा।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान के लिए जिस वक्त चयन समिति ने गीतकार बावरा का चयन किया था, उस समय वह जीवित थे। अचानक उनका निधन हो गया। उनके लिए उनके परिवार का कोई सदस्य यह सम्मान ग्रहण करेगा।

इन सभी सम्मानों के तहत प्रशस्ति पत्र दो-दो लाख रुपए की आयकरमुक्त नकद राशि एवं शाल-श्रीफल प्रदान किया जाता है।

शर्मा ने कहा कि ये सभी पुरस्कार इस वर्ष अक्टूबर के बाद विभिन्न तिथियों में आयोजित समारोहों में दिए जाएँगे। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से हमारा प्रयास होगा कि महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान अग्रसेन जयंती तथा महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय सम्मान गुरु (व्यास) पूर्णिमा के दिन ही दिया जाए।