मंगलवार, 29 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. मप्र-छग
Written By वार्ता

तेज आँधी और वर्षा से सात मरे

खरगोन
मौसम के बदलते मिजाज का एक और नजारा मध्यप्रदेश के खरगोन में उस समय देखने को मिला जब तेज हवाओं के साथ उसी रफ्तार में हुई बारिश के चलते अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

भरी गर्मी में मानसून की वर्षा के अंदाज में हुई इस जलवृष्टि ने लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। बारिश कितनी तेज थी इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उफान पर आए एक नाले में कार बहने से दो लोगों की मृत्यु हुई। वर्षाजन्य दुर्घटनाओं में 13 लोग घायल भी हुए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार को जिले के दूरदराज के अनेक हिस्सों में तेज आँधी और बारिश के दौरान अनेक दुर्घटनाएँ हुई है।

खामखेड़ा चौकी क्षेत्र में उफ्ना पर आए नाले में एक कार के बह जाने से दो लोगों की मृत्यु हो गई है। इनमें रेखाबाई नामक महिला का शव मिला है जबकि एक बच्चे का अब तक पता नही चल सका है। वाहन में सवार दो लोग किसी तरह बच गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सनावद थाना क्षेत्र के ढकलगाँव में मकान की दीवार ढहने से दिनेश गुर्जर (30) कसरावद थाना क्षेत्र के गोपालपुरा में कच्चा मकान गिरने से कमूबाई मानकर (42) और इसी तरह की घटना में डेडाग्राम में सबलसिंह (55) की मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार तेज आँधी के दौरान ढाबा गाँव में एक पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आए बाबूलाल (70) की और महेश्वर तहसील के समराज गाँव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से भगवान गीर नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। हादसों में घायल हुए 13 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

खरगोन, कसरावद, महेश्वर, बड़वाह और सनावद क्षेत्रों में तेज आँधी के दौरान कई मकानों के छप्पर उड़ गए, जिससे हजारों रुपए मूल्य की क्षति हुई है। कलेक्टर अमित राठौर ने क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।