बुधवार, 30 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. डॉयचे वेले
  4. »
  5. डॉयचे वेले समाचार
  6. माइकल जैक्सन की वापसी
Written By DW

माइकल जैक्सन की वापसी

एमजेमाइकल माइकल जैक्सन
- एजेंसियाँ/ए. जमाल

रुपहले पर्दे पर दिखेंगे एमजेमाइकल जैक्सन आज लौट आएँगे। रुपहले पर्दे पर उनकी पहली फिल्म का प्रीमियर होने वाला है, जिसमें उनके आखिरी दिनों की रिहर्सल और उनके जीवन की बानगी दिखेगी। माइकल को चाहने वाले पलकें बिछाए इंतजार कर रहे हैं 'दिस इज इट" का।

और सिर्फ अमेरिका में 1,000 शो के टिकट पहले ही बिक चुके हैं। फिल्मी पंडितों का अनुमान है कि कुछ डॉक्यूमेंट्री, कुछ रिहर्सल और कुछ जीवन के रंगों से काट छाँट कर बनाई गई फिल्म से 10 करोड़ डॉलर तक की कमाई हो सकती है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड ही होगा।

FILE
पॉप संगीत के शहंशाह माइकल जैक्सन संगीत की दुनिया में वापसी की तैयारी कर रहे थे और लंदन में उनके 50 शो होने वाले थे। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में वह इसके लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे थे। लगातार रिहर्सल हो रहा था। लेकिन जुलाई में शो शुरू होने से सिर्फ तीन हफ्ते पहले अचानक उनकी मौत हो गई।

माइकल की वापसी की तमन्ना कभी पूरी नहीं हो पाई, लेकिन अब इस फिल्म के जरिए उनके चाहने वाले इस फिल्म के जरिए एमजे को एक बार फिर जनता के सामने लाना चाहते हैं। माइकल 'दिस इज इट' नाम से ही शो करने वाले थे।

लंदन में शो कराने की जिम्मेदार एईजी ने माइकल जैक्सन की मौत के बाद सोनी कॉर्पोरेशन से समझौता किया। सोनी की मिल्कियत वाली कोलंबिया पिक्चर्स को 80 घंटे के वीडियो टेप सौंप दिए गए। इन वीडियो टेप में माइकल जैक्सन के आखिरी दिनों की रिहर्सल रिकॉर्ड है।

एईजी ने इन वीडियो से माइकल जैक्सन पर फिल्म बनाने की इजाजत दे दी और इसे डायरेक्ट करने का जिम्मा भी जैक्सन के पुराने दोस्त केनी ओर्टेगा को सौंपा गया। पहले इस वीडियो को माइकल अपने निजी इस्तेमाल के लिए रखना चाहते थे।

ओर्टेगा इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उनका कहना है, 'यह फिल्म अपने हुनर के बाजीगर की कहानी है।' माइकल जैक्सन ने सिर्फ छह साल की उम्र में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और पॉप संगीत की दुनिया में पिछले लगभग चार दशकों में उन्हें कोई छू भी नहीं पाया।

1982 में रिलीज हुआ उनका अल्बम 'थिलर' आज भी सबसे ज्यादा बिकने वाला अल्बम बना हुआ है। माइकल जैक्सन को 13 बार ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जबकि दो बार वह हॉल ऑफ फेम में भी जा चुके हैं।

ओर्टेगा इस फिल्म को अपने आप में अद्भुत बताते हैं। उनका कहना है, 'यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं माइकल के रास्ते को दुनिया के सामने ला रहा हूँ। इस फिल्म के जरिए माइकल की कला और उनके हुनर के बारे में भी पता लग पाएगा। यह एक ऐसा मौका होगा, जहाँ पर्दे के पीछे झाँक कर माइकल जैक्सन के बारे में जाना जा सकेगा।'

माइकल जैक्सन लंदन में शो के जरिए वापसी करना चाहते थे। हालाँकि वह ऐसा कर नहीं पाए। उन्होंने अपना आखिरी सफल शो 2,000 में किया था। माइकल पर 1990 के दशक में बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगा, जिसके बाद 2003 में उन्हें गिरफ्तार भी होना पड़ा।

हालाँकि दो साल बाद 2005 में उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया गया। पर निगेटिव प्रचार पा चुके माइकल जैक्सन का रुतबा बदल गया था। वह 'दिस इज इट' के साथ संगीत की दुनिया में वापसी करना चाहते थे।

माइकल जैक्सन की वापसी तो हो रही है, लेकिन उनके बगैर उनके शहर लॉस एंजिलिस में उनकी इस फिल्म का प्रीमियर गुरुवार को छह बजे शाम किया जाएगा। यानी भारत में शुक्रवार तड़के लगभग छह बजे। इसके बाद शुक्रवार को ही यह खिल्म पूरी दुनिया में एक साथ रिलीज कर दी जाएगी। भारत में भी।