biodatamaker
✕

टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लियोन, ख्वाजा, सिडल की वापसी

Updated: शुक्रवार, 4 जनवरी 2019 (16:28 IST)
सिडनी। ऑफ स्पिनर नाथन लियोन, अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और मध्यम तेज गेंदबाज पीटर सिडल की 12 जनवरी से भारत के खिलाफ शुरू होने जा रही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए 14 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी हुई है।
 
 
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के चयनकर्ताओं ने पांच खिलाड़ियों ट्रेविस हेड, क्रिस लिन, डी आर्की शॉर्ट, बेन मैकडेरमोट और ऑलराउंडर एश्टन एगर को सीमित ओवर प्रारूप में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टीम से बाहर किया गया है। भारत से मौजूदा टेस्ट सीरीज में खेल रहे तेज गेंदबाजी तिकड़ी मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस को श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के मद्देनजर वनडे सीरीज में आराम दिया गया है। 
 
लियोन ने राष्ट्रीय वनडे टीम की ओर से आखिरी बार जून 2018 में खेला था जबकि ख्वाजा की भी दो वर्षों के बाद टीम में वापसी हो रही है। राष्ट्रीय चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने कहा कि बदलाव के लिए टीम में व्यापक बदलाव करना जरूरी था। ऑस्ट्रेलिया को पिछले सत्र में दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार झेलनी पड़ी थी। 
 
होंस ने साथ ही बताया कि वनडे टीम का चयन इस वर्ष इंग्लैंड में होने वाले विश्वकप के मद्देनजर भी किया गया है। उन्होंने कहा, विश्वकप को ध्यान में रखते हुए हमने खिलाड़ियों का चयन किया है जो मैच में अलग अलग भूमिका निभा सकते हैं। भारत से आगामी वनडे सीरीज और भारत तथा यूएई के दौरे अहम हैं जो आगामी विश्वकप में खिताब का बचाव करने के लिए हमें सही टीम संयोजन चुनने में भी मदद करेंगे। 
 
तेज गेंदबाज सिडल की वापसी भी हैरानीभरा फैसला रहा जिन्होंने नवंबर 2010 में अपना आखिरी वनडे खेला था। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज गेंदबाजों की अनुपस्थिति में सिडल को टीम में जगह मिली है। वह अन्य पेसरों जाए रिचर्डसन, जेसन बेहरेनड्रॉफ और बिली स्टेनलेक के साथ गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा बनेंगे। 
 
होंस ने कहा, हमें सिडल की वापसी से बहुत खुशी है जो 2010 के बाद पहली बार अपना मैच खेलेंगे। उन्होंने सफेद गेंद के अपने खेल में काफी सुधार दिखाया है और उनका चयन उनकी मेहनत और पेशेवर व्यवहार का नतीजा है। ख्वाजा की दो वर्ष के लंबे अर्से बाद टीम में वापसी हो रही है जबकि लियोन को दक्षिण अफ्रीका सीरीज में बाहर किए जाने के बाद एगर की जगह शामिल किया गया है। टेस्ट खिलाड़ी मिशेल मार्श और पीटर हैंड्सकोंब को भी शामिल किया गया है जबकि आरोन फिंच कप्तानी करेंगे। 
 
चयनकर्ता ने कहा, उस्मान अच्छे बल्लेबाज हैं और शीर्ष क्रम में उपयोगी है तथा पीटर न केवल बढ़िया स्पिनर हैं बल्कि बल्लेबाजी में भी वह रन गति संभाल सकते हैं। मिशेल से हमें गेंदबाजी और बल्लेबाजी में ऑलराउंड विकल्प मिलता है। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच 12 जनवरी से सिडनी में तीन वनडे की सीरीज शुरू होगी तथा बाकी दो मैच एडिलेड और मेलबोर्न में खेले जाएंगे। 
 
टीम इस प्रकार है - आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकोंब, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल मार्श, एलेक्स कारी, जाए रिचर्डसन, बिली स्टेनलेक, जेसन बेहरेनड्रॉफ, पीटर सिडल, नाथन लियोन, एडम जम्पा। (वार्ता) 
 

Show comments

सभी देखें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख