• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni, IPL 9, Rising Pune Suprjaants, IPL match
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , मंगलवार, 3 मई 2016 (00:14 IST)

धोनी के सितारे गर्दिश में, नहीं दिखा पा रहे चेन्‍नई जैसा चमत्‍कार

Mahendra Singh Dhoni
नई दिल्ली। आईपीएल में दो बार के चैंपियन महेंद्र सिंह धोनी के लिए आईपीएल नौ में नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स का अब तक का सफर खिलाड़ियों की चोटों, खराब प्रदर्शन और खराब किस्मत से भरा रहा है।
        
धोनी आईपीएल के आठ सत्रों तक चेन्नई सुपरकिंग्स टीम के कप्तान रहे थे लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण इस टीम को दो सत्रों के लिए निलंबित किए  जाने के बाद धोनी टूर्नामेंट की नई  टीम पुणे के कप्तान बने। आईपीएल नौ शुरू होने के समय यही उम्मीद जताई जा रही थी कि धोनी इस टीम के साथ वैसा ही करिश्मा दोहराएंगे जैसा उन्होंने चेन्नई के साथ किया था।
         
पुणे की टीम अब तक आठ मैचों में सिर्फ दो मैच जीत पाई है और उसने छह मैच हारे हैं। पुणे का प्रदर्शन अपने खिलाड़ियों की चोटों और खराब किस्मत से प्रभावित रहा है। खुद कप्तान धोनी भी हैरान हैं कि आखिर उनकी टीम स्टार खिलाड़ियों से भरी होने के बावजूद अब तक अच्छा क्यों नहीं खेल पा रही है। 
         
धोनी के पास दक्षिण अफ्रीका के ट्वंटी 20 कप्तान फाफ डू प्लेसिस और ऑस्ट्रेलियाई  कप्तान स्टीवन स्मिथ भी मौजूद थे। दुनिया के तीन धुरंधर कप्तानों की मौजूदगी में पुणे के प्रदर्शन में यह जज्बा नहीं दिखाई दिया जैसी उम्मीद थी। अब तो डू प्लेसिस और स्मिथ चोटों के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए  हैं। 
 
इससे पहले इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज केविन पीटरसन भी शुरूआत में ही बाहर हो गए  थे। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए  हैं। पुणे ने टूर्नामेंट में जबरदस्त शुरूआत की थी और गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से पीटा था लेकिन इसके बाद उसे दूसरी नई  टीम गुजरात लायंस से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पुणे को फिर फिसड्डी टीम पंजाब ने छह विकेट से हराया।
                   
पुणे को बेंगलुरू से 13 रन से और कोलकाता से दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि उसने वर्षा बाधित मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 34 रन से पराजित किया लेकिन उसे अगले मैच में गुजरात से आखिरी गेंद पर तीन विकेट की हार झेलनी पड़ी जबकि पुणे ने इस मैच में 195 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। उसे कल मुंबई के हाथों आठ विकेट की शिकस्त का सामना करना पड़ा।
                   
धोनी की टीम का अगला मुकाबला पांच मई को दिल्ली डेयरडेविल्स टीम से दिल्ली से है। यदि धोनी एक और मैच हारते हैं तो उनके लिए प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो जाएगी। इस साल ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में ट्वंटी 20 सीरीज में 3-0 की शिकस्त देने वाले, एशिया कप जीतने वाले और भारत को विश्वकप के सेमीफाइनल तक ले जाने वाले धोनी से आईपीएल में किस्मत इस कदर रूठ जाएगी, इसका अंदाजा शायद उनके विरोधियों को भी नहीं था। (वार्ता)