15 महीने का इंतजार खत्म, भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मिलेगी 3.5 करोड़ रुपए की राशि
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया में आठ मार्च 2020 को हुए महिला टी-20 विश्व कप में उपविजेता बनने के लगभग 15 महीने बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम आखिरकार पुरस्कार राशि प्राप्त करने के लिए तैयार है। टीम को इस हफ्ते के अंत तक टी-20 विश्व कप के उपविजेता को मिलने वाली पांच लाख अमेरीकी डालर यानी लगभग 3.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में बीसीसीआई ने सोमवार को खिलाड़ियों से अपना हिस्सा प्राप्त करने के लिए बिल जुटाने को कहा है।
समझा जाता है कि ब्रिटेन के एक समाचार पत्र टेलीग्राफ की ओर से टी-20 विश्व कप की उपविजेता भारतीय टीम को अब तक पुरस्कार राशि का भुगतान न किए जाने के खुलासे के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से यह स्पष्टीकरण सामने आया है। समाचार पत्र ने यह भी कहा है कि विश्व कप की विजेता ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य टीमों को टूर्नामेंट समाप्त होने के तुरंत बाद पुरस्कार राशि दे दी गई थी।
A brilliant 75 from @ahealy77
— ICC (@ICC) March 8, 2021
An unbeaten 78 from Beth Mooney
A four-wicket haul from @megan_schutt
Highlights from @AusWomenCrickets @T20WorldCup win last year #IWD2021 pic.twitter.com/QqGGMLqz3t
जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने विश्व कप फाइनल के लगभग एक हफ्ते बाद ही बीसीसीआई को पुरस्कार राशि वितरित कर दी थी। बीसीसीआई अधिकारियों ने इस बारे में बताया कि उन्हें पुरस्कार राशि में हुई देरी के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। बीसीसीआई अधिकारी ने एक बयान में कहा, “ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्यों को इस हफ्ते के अंत तक पुरस्कार राशि का अपना हिस्सा मिलेगा। प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ”
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई की ओर से सभी टीमों के खिलाड़ियों के भुगतान में तीन से चार महीने का समय लगता है, हालांकि पिछले साल कोरोना से बिगड़े हालात के कारण सभी भुगतानों में देरी हुई थी। समझा जाता है कि महिला खिलाड़ियों ने मार्च 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू श्रृंखला की मैच फीस के लिए अपने बिल जमा कर दिए हैं और भुगतान का इंतजार है।(वार्ता)

