1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. बारिश के कारण भारत-श्रीलंका के बीच पहला टी20 मैच रद्द

गुवाहाटी मैच में बड़ी लापरवाही, पिच ठीक से कवर न करने से भारत-श्रीलंका टी20 मैच रद्द

India vs Sri Lanka
गुवाहाटी। बारिश की लुकाछिपी के बाद पिच को सही ढंग से कवर न करने के कारण भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच रद्द कर दिया गया। शाम को बारिश रुक गई थी लेकिन पिच गीला हो गया था, जिस पर खेल संभव नहीं था। इस लापरवाही की वजह से अंपायरों ने मैच को बिना एक गेंद फेंके रद्द करने का फैसला लिया।

मैच रद्द होने के कारण 5 महीने बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का इंतजार भी बढ़ गया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था लेकिन खेल शुरू होने से कुछ देर पहले तेज बारिश शुरू गई थी। 
 
बारिश थमने के बाद मैदानकर्मियों ने पूरा मैदान सुखाकर खेलने लायक बना दिया था लेकिन पिच ने धोखा दे दिया। पिच पर कुछ गीले स्थान बन गए, जिन्हें सुखाने के लिए हेयर ड्रायर सहित विभिन्न उपकरणों का उपयोग किया गया। काफी मशक्कत करने के बाद भी यह गीला हिस्सा पूरी तरह नहीं सुखाया जा सका। पिच को सही तरीके से न ढकने की लापरवाही उजागर हुई और इसका खामियाजा 27 हजार दर्शकों को भुगतना पड़ा।  
अंपायरों ने स्थानीय समयानुसार 9 बजकर 30 मिनट में आखिरी बार निरीक्षण करने के बाद मैच रद्द करने का फैसला किया, जिससे बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्टेडियम में मौजूद दर्शक निराश हो गए।
 
चोटिल होने के कारण पिछले कुछ महीनों से बाहर चल रहे बुमराह को भारत ने अंतिम एकादश में रखा था। इस तेज गेंदबाज का यह वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन में टेस्ट मैच के बाद पहला प्रतिस्पर्धी मैच होता, लेकिन उनका इंतजार अब मंगलवार तक बढ़ गया है, जब ये दोनों टीमें इंदौर में दूसरा टी20 मैच खेलने के लिए उतरेंगी।

कोहली ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करके अपने इरादे जतला दिए थे। भारत लक्ष्य का पीछा करने में हमेशा बेहतर परिणाम हासिल करता रहा है। उन्होंने टॉस के समय कहा था कि पिछले मैचों के परिणाम को देखते हुए पहले बल्लेबाजी करना दूसरी प्राथमिकता बन गई है। कोहली ने कहा, हमें आगे विश्व कप में खेलना है और इसलिए हम एक प्रारूप पर खास ध्यान दे सकते हैं।
 
भारतीय टीम प्रबंधन ने मनीष पांडे, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और संजू सैमसन को अंतिम एकादश में नहीं रखा था। श्रीलंका के कप्तान लसिथ मलिंगा ने भी कहा था कि उनकी निगाह विश्व कप पर है, जिसके लिए वे अगले 2 महीने में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम तैयार कर लेंगे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
ऑलराउंडर Ben Stokes ने बनाया कैच का नया रिकॉर्ड