शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Can Rajiv Gandhi be honored with Khel Ratna Award? Rohit Sharma
Written By
Last Updated : मंगलवार, 18 अगस्त 2020 (19:42 IST)

राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार से सम्मानित हो सकते हैं रोहित शर्मा

राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार से सम्मानित हो सकते हैं रोहित शर्मा - Can Rajiv Gandhi be honored with Khel Ratna Award? Rohit Sharma
नई दिल्ली। भारत के सीमित ओवरों के कप्तान रोहित शर्मा, स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस स्टार मणिका बत्रा और रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट मरियप्पन थंगावेलु के नाम की देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई है। 
 
खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने खेल रत्न के लिए चार नामों की सिफारिश की है जिन पर अंतिम फैसला केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू को लेना है। इस समिति में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह शामिल थे। समिति ने साई के मुख्यालय में बैठक की और इन चार नामों की सिफारिश की। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार नियमों में खेल रत्न के यह नियम है कि केवल ओलम्पिक वर्ष में एक से ज्यादा खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया जा सकता है और गैर ओलंपिक वर्षों में एक खिलाड़ी को खेल रत्न दिया जाना चाहिए। 
 
लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह परंपरा चल रही है कि एक से ज्यादा खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया जा रहा है।
 हालांकि यह केवल दूसरी बार है कि जब चार खिलाड़ियों के नाम की खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई है। इससे पहले 2016 के रियो ओलंपिक के बाद रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, कांस्य विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथे स्थान पर रही जिम्नास्ट दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को खेल रत्न सम्मान दिया गया था। सीमित ओवरों के भारतीय क्रिकेट उपकप्तान रोहित ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए एकदिवसीय विश्व कप में पांच शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था हालांकि वह सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए थे। 
 
यदि उन्हें खेल रत्न के लिए चुना जाता है तो वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे। विनेश ने 2018 में हुए राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। विनेश ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर टोक्यो ओलंपिक के लिए देश को कोटा दिलाया था। मणिका बत्रा ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीते थे। उन्होंने 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था। पैरा हाई जम्पर थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था। 
 
उन्होंने पिछले वर्ष विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वह 2017 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किये गए थे। स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा, धाविका हिमा दास, बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और निशानेबाज अपूर्वी चंदेला भी खेल रत्न की होड़ में शामिल थे लेकिन अंत में बाहर हो गए।