• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. पाक क्रिकेट टीम का 7वां सदस्य निकला कोरोना पॉजिटिव, टीम के निष्कासन का खतरा
Written By
Last Updated : शनिवार, 28 नवंबर 2020 (14:27 IST)

न्यूजीलैंड दौरे पर गई पाकिस्तानी टीम का 7वां सदस्य पाया गया कोरोना पॉजिटिव, बढ़ीं मुश्किलें

Covid 19 | पाक क्रिकेट टीम का 7वां सदस्य निकला कोरोना पॉजिटिव, टीम के निष्कासन का खतरा
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड दौरे पर गई पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का एक और सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो गया है और उसे अपने बाकी 6 साथियों के साथ क्वारंटाइन में रहना होगा। पाकिस्तान की 53 सदस्यीय टीम के 6 सदस्य मंगलवार को पॉजिटिव पाए गए थे, जब टीम पाकिस्तान से न्यूजीलैंड पहुंची थी।
7वां सदस्य शुक्रवार को पॉजिटिव पाया गया, जब 14 दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों की फिर जांच की गई। न्यूजीलैंड के नियमों के अनुसार क्वारंटाइन में 3रे और 12वें दिन जांच की जाती है। न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम का 1 और सदस्य जांच के दौरान पॉजिटिव पाया गया है। 6 सदस्य पहले ही से पॉजिटिव हैं, बाकी सभी के नतीजे नेगेटिव रहे हैं।
 
पाकिस्तानी टीम को स्वास्थ्य प्रोटोकॉल तोड़ने के कारण पहले ही अंतिम चेतावनी मिल चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि क्राइस्टचर्च के होटल में खिलाड़ी साथ में खाना खा रहे थे और लॉबी में साथ घूम रहे थे। खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को क्वारंटाइन के पहले 3 दिन होटल के अपने कमरों में ही रुकना था।
 
न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर एशले ब्लूमफील्ड ने कहा कि अपने कमरों में रहने की बजाय ये लोग होटल में घूमते, बातचीत करते और साथ में खाना खाते पाए गए। इनमें से किसी ने मास्क नहीं पहना था। अगर इसके बाद टीम स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का उल्लंघन करती है तो उसे न्यूजीलैंड से निष्कासित किया जा सकता है।  (भाषा)
ये भी पढ़ें
बेयरस्टो की विस्फोटक पारी से इंग्लैंड ने द. अफ्रीका को हराया , सीरीज में 1-0 की बढ़त