1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
Written By भाषा
Last Updated :कराची , शनिवार, 26 जुलाई 2014 (23:33 IST)

सेक्स स्कैंडल : पाकिस्तानी महिला युवा क्रिकेटर ने मौत को गले लगाया

पाकिस्तान
FILE
कराची। मुल्तान क्रिकेट क्लब के प्रबंधन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली युवा महिला क्रिकेटर की अपने घरेलू शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उसने आत्महत्या की।

हलीमा रफीक के पिता ने मुल्तान में कहा कि उनकी बेटी की मौत के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) जिम्मेदार है। उसके पिता मोहम्मद रफीक ने कहा, ‘बोर्ड ने मुल्तान क्रिकेट क्लब के अधिकारियों के खिलाफ उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया जो महिला क्रिकेटरों का यौन उत्पीड़न करते है।

एक आरोपी मौलवी सुल्तान आलम ने उसके खिलाफ 2 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया, जिसके बाद वह काफी तनाव में थी।’

FILE
हलीमा और चार अन्य लड़कियों ने जून 2013 में मौलवी सुल्तान और मुल्तान क्रिकेट के चार अन्य अधिकारियों पर अभ्यास शिविर के दौरान यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।

पीसीबी महिला शाखा ने इसके बाद जल्दबाजी में जांच की और इन गंभीर आरोपों को खारिज कर दिया। अधिकतर का मानना था कि महिला शाखा को लाहौर में केवल दो दिन सुनवाई करने के बजाय विस्तृत जांच करनी चाहिए थी।

अपने कमरे में मृत पाई गई 17 वर्षीय हलीमा को मुल्तान क्षेत्र की प्रतिभाशाली क्रिकेटर माना जाता था। रिश्तेदारों ने कहा कि उसने रोजा रखा और इस दौरान उसने एसिड पी लिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

पीसीबी सूत्रों के अनुसार जब जांच हुई थी तो हलीमा समिति के समक्ष उपस्थित नहीं हुई थी। आरोप लगाने वाली बाकी तीन लड़कियां हालांकि उपस्थित हुई थी।

उन्होंने यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों से इनकार कर दिया था। जांच समिति ने सभी क्रिकेटरों पर 23 अक्टूबर 2013 से छह महीने का प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी। (भाषा)