Last Modified: बेंगलुरु ,
शुक्रवार, 30 सितम्बर 2011 (01:27 IST)
शाहरुख के 'लड़ाके' जीते
जैक्स कैलिस और कप्तान गौतम गंभीर की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नौ विकेट से हराकर खुद को चैम्पियंस लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की दौड़ में बरकरार रखा है।
कप्तान डेनियल विटोरी और गुमनाम खिलाड़ी राजू भाटकल की शानदार पारियों के बलबूते पर बेंगलुरु ने नौ विकेट पर 169 रन बनाए थे। जवाब में केकेआर ने यह लक्ष्य 17.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
केकेआर के लिए सबसे राहत की बात कप्तान गंभीर का फार्म में लौटना रही, जिन्होंने बेंगलुरु के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 31 गेंद में नाबाद 55 रन बनाए। इसमें तीन चौके और चार शानदार छक्के शामिल थे। उन्होंने दूसरे विकेट की नाबाद साझेदारी में कैलिस के साथ 109 रन जोड़े। कैलिस ने 47 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए।
अपना पहला मैच खेल रहे ब्राड हैडिन ने 27 गेंद में 42 रन बनाकर शुरुआती दबाव हटाया। हैडिन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों के लिएचुने गए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज एस अरविंद के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर 19 रन बनाए।
दोनों ने पहले 7.1 ओवर में 62 रन जोड़े। आरसीबी के कप्तान विटोरी ने हैडिन को आउट किया, जिनका कैच कवर में विराट कोहली ने लपका। इसके बाद गंभीर और कैलिस ने बेहतरीन साझेदारी करके टीम को जीत तक पहुंचाया। गंभीर ने विटोरी को डीप मिडविकेट के उपर से छक्का जड़ा और डर्क नानेस को लांग आन के उपर छक्का लगाया। नानेस को फिर डीप फाइन लेग पर छक्का लगाकर उन्होंने 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
इससे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी बेंगलुरु का स्कोर एक समय 14वें ओवर में छह विकेट पर 91 रन था। इसके बाद विटोरी ने कोलकाता के गेंदबाजों की धुनाई शुरू की। उन्होंने और भाटकल ने 5.2 ओवर में 61 रन जोड़े। गौतम गंभीर के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में लय खो दी।
बेंगलुरु ने आखिरी छह ओवर में 75 रन बनाए। विटोरी पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए जिन्होंने 23 गेंद में 44 रन बनाए। इसमें दो छक्के और पांच चौके शामिल थे। भाटकल ने 18 गेंद में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन का योगदान दिया।
केकेआर के कप्तान गंभीर ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया था। ब्रेट ली ने पहला ओवर मेडन फेंका जबकि सामने खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल थे। इसके बाद गेल ने ली को अगले ओवर में दो छक्के लगाये। उन्होंने कैलिस को भी छक्का लगाया लेकिन उन्हीं की शानदार यार्कर पर आउट हुए। गेल ने 25 रन बनाए।
अगले ओवर में विराट कोहली खाता खोले बिना ही पैवेलियन लौट गए। ली की गेंद पर उन्होंने खराब शॉट खेला और कवर में गंभीर ने कैच लपक लिया। सौरभ तिवारी (18) ने अपनी संक्षिप्त पारी में कैलिस को छक्का और रजत भाटिया को चौका लगाया। उन्हें यूसुफ पठान ने पैवेलियन भेजा। मयंक अग्रवाल (13) और मोहम्मद कैफ (5) को बाएं हाथ के स्पिनर इकबाल अब्दुल्ला ने आउट किया। (भाषा)