• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: मुंबई , सोमवार, 26 मई 2014 (09:09 IST)

रोहित ने मुंबई के लोगों को जीत समर्पित की

राजस्थान रॉयल्स
FILE
मुंबई। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पांच विकेट की जीत से प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई करने के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इसे मुंबई के लोगों को समर्पित करते हुए कहा कि कुछ भी असंभव नहीं है।

रोहित ने कहा, ‘मेरे दिल की धड़कन कम होने में थोड़ा समय लगेगा। कुछ भी असंभव नहीं है। ऐसा प्रदर्शन हर दिन नहीं होता। यह जीत मुंबई के लोगों के लिए है। यह शानदार जीत थी।’ उन्होंने मैन ऑफ द मैच कोरी एंडरसन, अम्बाती रायुडू और आदित्य तारे की प्रशंसा की।

रोहित ने कहा, ‘एंडरसन विश्वसीय था। रायुडू ने भी अच्छा योगदान दिया और आदित्य तारे लाजवाब रहा।’ एंडरसन ने अपनी नाबाद 95 रन की पारी में छह छक्के और नौ चौके जड़े जिससे मुंबई इंडियंस ने 190 रन का लक्ष्य महज 14.4 ओवर में हासिल कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘हम जानते थे कि हमारे सामने क्या लक्ष्य था, हमें इसे हासिल करना था। हमारे उपर कोई दबाव नहीं था और हम जानते थे कि हमने जल्द ही इसे अपने पक्ष में कर लिया। हम चैम्पियंस लीग में भी ऐसी ही स्थिति में थे इसलिए हमें खुद पर भरोसा था। अब केवल अच्छी चीजें ही आनी बाकी हैं।’

एंडरसन ने कहा, ‘हम जानते थे कि हमें क्या चाहिए। मैं खुश हूं कि मैं कुछ योगदान कर सका। रायुडू भी क्रीज पर आए और आक्रामक हो गये और अंतिम गेंद में आदित्य तारे ने अच्छा किया।’

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने कहा, ‘बात यह है कि जब आप चीजें पेचीदा कर लेते हो तो आप मुश्किल में पड़ जाते हो। लोगों ने महसूस करना शुरू कर दिया कि हमारे पास मौका है और मैं अंत तक क्रीज पर डटे रहना चाहता था। इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता था। मुंबई के दर्शक अविश्वसनीय हैं। मुझे अब यहां घरेलू अहसास होता है।’ (भाषा)