मुकेश अंबानी 'फोर्ब्स' की 74 ताकतवरों की सूची में
Publish Date: Thu, 15 Dec 2016 (19:48 IST)
Updated Date: Thu, 15 Dec 2016 (19:51 IST)
न्यूयॉर्क। फोर्ब्स पत्रिका की दुनिया के सबसे ताकतवर 74 लोगों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एकमात्र भारतीय उद्यमी हैं। पत्रिका ने 74 लोगों की इस सूची में मुकेश अंबानी को 38वें स्थान पर रखा है। अंबानी इस सूची में स्थान पाने वाले एकमात्र भारतीय उद्यमी हैं।
उल्लेखनीय है कि यह सूची बुधवार को जारी की गई थी। इसमें कहा गया है कि अंबानी ने सितंबर में अपनी 4जी मोबाइल सेवा रिलायंस जियो की शुरुआत की घोषणा की और कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले भारतीय दूरसंचार उद्योग में कीमतों की नई जंग छेड़ दी।
रिलायंस जियो ने इसी साल पांच सितंबर को अपनी सेवा की औपचारिक शुरुआत की थी और कंपनी ने पहले तीन महीने में ही पांच करोड़ से अधिक ग्राहक जुटाकर बाजार में हलचल मचा दी है। कंपनी ने अपनी सारी डेटा व वायस सेवाएं 31 मार्च 2017 तक नि:शुल्क रखने की घोषणा की है। सूची में माइक्रोसॉफ्ट के भारतीय मूल के सीईओ सत्य नडेला को भी रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिष्ठित फोर्ब्स पत्रिका ने बुधवार को जारी अपनी इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के दस सबसे ताकतवर लोगों की सूची में नौवें स्थान पर रखा है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन को लगातार चौथी बार इस सूची में शीर्ष स्थान पर रखा गया है, वहीं अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का क्रम उनके बाद आता है। (भाषा)