शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2023
  3. आईपीएल 2023 न्यूज़
  4. David Warner appointed as captain & Axar deputy for Delhi Capitals in IPL 2023
Written By
Last Updated : गुरुवार, 16 मार्च 2023 (14:37 IST)

कल मुंबई में खेल रहे थे गली क्रिकेट, आज दिल्ली के कप्तान बने डेविड वॉर्नर

devid Warner
ऑस्ट्रेलियाई टीम के दिग्गज बल्लेबाज, डेविड वार्नर ने  बुधवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमे वे मुंबई की गलियों में कुछ बच्चो के साथ क्रिकेट खेलते नज़र आ रहे थे। भारतीय क्रिकेट फैन्स को डेविड का यह वीडियो बहुत पसंद आया और उन्होंने डेविड के पोस्ट पर उनके धरती से जुड़े मिज़ाज़ और दयाभावना की काफी प्रशंसा की।
 
उनके एक फैन ने उनके पोस्ट पर यह भी लिखा "एक ही दिल है कितनी बार जीतोगे।" डेविड वार्नर कल सोशल  मीडिया पर अपने इस वीडियो को लेकर चर्चित ही थे कि आईपीएल की टीम, दिल्ली कैपिटल्स ने गुरूवार की सुबह को डेविड वार्नर को अपनी टीम का कप्तान और अक्षर पटेल को उपकप्तान घोषित कर दिया। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान ऋषभ पंत पिछले साल दिसंबर में एक भयानक कार दुर्घटना का शिकार हुए थे जिसकी वजह से उन्हें शरीर में कई जगह चोंट आई थी। बताया जा रहा है कि उनकी सर्जरी के बाद उन्हें रिकवर होकर क्रिकेट के मैदान में वापसी करने में पूरा साल भी लग सकता है इसलिए दिल्ली कैपिटल्स को ऋषभ की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ी डेविड वार्नर को अपना कप्तान चुनना पड़ा। 
 
दिल्ली कैपिटल्स ने गुरूवार की सुबह अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर डेविड वार्नर और अक्षर का फोटो डाल लिखा "डेविड वार्नर (c), अक्षर पटेल (vc)। इस #IPL2023 में इन दो तेजतर्रार खिलाडियों की अगुवाई में दहाड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
 
 
 
दिल्ली की ही फ्रैंचाइज़ी से की थी अपने आईपीएल करियर की शुरुआत :
 
डेविड वार्नर ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स ( पूर्व दिल्ली डेयरडेविल्स) से ही की थी लेकिन पांच साल बाद वे सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बन गए थे। 2016 में उनकी कप्तानी के अंदर सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल ट्रॉफी भी अपने नाम की थी जो कि टूर्नामेंट में अब तक की उनकी एकमात्र जीत है। 2021 में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा रिलीज़ कर दिया गया था। इस विषय पर सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैन्स और कई क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच कई तरह की चर्चा भी की गई थी। सनराइजर्स हैदराबाद से निकलने के बाद उनका सफर एक बार और दिल्ली की फ्रेंचाइजी में रुका। 
 
वार्नर ने घोषणा के बाद डीसी द्वारा जारी एक बयान में कहा  "ऋषभ दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक शानदार कप्तान रहे हैं और हम सभी को उनकी कमी खलेगी। मैं प्रबंधन को उस विश्वास और भरोसे के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जो उन्होंने हमेशा मुझ पर दिखाया है। यह फ्रेंचाइजी हमेशा मेरे लिए घर रही है, और मैं खिलाड़ियों के इस तरह के सर्वोच्च प्रतिभाशाली समूह का नेतृत्व करने के लिए और अधिक इंतज़ार नहीं कर सकता। मैं उन सभी से मिलने और खुश होने का इंतजार नहीं कर सकता।" 
दिल्ली कैपिटल्स ने क्रिकेट के निदेशक के रूप में सौरव गांगुली की फ्रेंचाइजी में वापसी की भी घोषणा कर लिखा "सौरव गांगुली #TATAIPL2023 के लिए हमारे क्रिकेट निदेशक के रूप में दिल्ली की राजधानियों में लौटे। आपका फिर से स्वागत है, दादा।"  गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स से मेंटर के रूप में जुड़े हुए थे। 

इस बीच गांगुली भी दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी से जुड़ कर रोमांचित दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले कुछ महीनों में महिला टीम (दिल्ली कैपिटल्स) और प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ मेरा जुड़ाव शानदार रहा है। मैं आईपीएल के आगामी सत्र का इंतजार कर रहा हूं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स ने मेरे पिछले कार्यकाल के दौरान एक टीम के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया था।  उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में हम सभी का समय अच्छा बीतेगा।
 
डेविड वार्नर के IPL करियर के आंकड़ों पर एक नज़र :

वार्नर भारत के खिलाफ मुंबई में शुक्रवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम में शामिल हैं। वह आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने 2009 के बाद से 13 सत्र के 162 मैचों में 5881 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 42.01 और स्ट्राइक रेट 140.69 का रहा है। उन्होंने चार शतक और 55 अर्धशतक भी लगाए हैं।
 
वार्नर ने 2009 में दिल्ली की फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) से ही अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी। वह 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े और उनके नेतृत्व में टीम 2016 में चैम्पियन बनी।
 
यह 36 साल का बल्लेबाज 2022 में फिर से दिल्ली की टीम से जुड़ा। पिछले सत्र में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने पांच अर्धशतक और 48 के औसत से 432 रन बनाये थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150.52 का रहा था।दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने अभियान का आगाज़ लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक अप्रैल को करेगी।