Last Modified: वॉशिंगटन ,
सोमवार, 19 मार्च 2012 (00:56 IST)
टाइम में मोदी पर आलेख से मुसलमान भड़के
FILE
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर टाइम मैगजीन की कवर स्टोरी पर नाखुशी जताते हुए भारतीय मूल के अमेरिकी मुसलमानों के एक संगठन ने इस प्रतिष्ठित साप्ताहिक के खिलाफ ई-मेल, चिट्ठियों, ट्विटर एवं फेसबुक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाने का रविवार को आह्वान किया।
मुस्लिम पीस कोलिशन के प्रवक्ता शैक साद ने कहा कि यह एक अनैतिक आलेख है। हम किसी ऐसे व्यक्ति के महिमामंडन की उम्मीद नहीं करते हैं, जो 10 साल पहले गुजरात में मुसलमानों के नरसंहार में शामिल रहा था। न्यूयॉर्क के इस संगठन ने अपने सदस्यों और समर्थकों को बड़े पैमाने पर ई-मेल भेजकर टाइम मैगजीन के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाने का आह्वान किया है।
साद ने कहा कि इस संबंध में यह संगठन टाइम मैगजीन के संपादकीय बोर्ड से मिलेगा और इस आलेख से मुसलमानों की भावना को पहुंची ठेस से उसे अवगत कराएगा। (भाषा)