ट्रंप टैरिफ पर भड़के अमेरिकी अर्थशास्त्री, कहा जैसे कोई चूहा हाथी को मार रहा
अमेरिकी अर्थशास्त्री रिचर्ड वोल्फ ने कहा कि अगर अमेरिका भारत के लिए अपने रास्ते बंद कर देता है, तो भारत अपना सामान बेचने के लिए अन्य बाजार ढूंढ लेगा।
Trump Tariffs: भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही घर में ही घिरते नजर आ रहे हैं। इस बीच अमेरिकी अर्थशास्त्री रिचर्ड वोल्फ ने दावा किया कि अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ लगाने के फैसले से ब्रिक्स संगठन मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा देश है। अमेरिका का भारत को ये बताना कि उसे क्या करना है, ऐसा है जैसे कोई चूहा, हाथी को मुक्का मार रहा हो।
ALSO READ: क्या ट्रंप के पास बचा है कम वक्त, अमेरिका के राष्ट्रपति की सेहत के लिए डॉक्टर्स क्यों हैं चिंतित
रशिया टुडे से बातचीत में वोल्फ ने कहा कि अगर अमेरिका भारत के लिए अपने रास्ते बंद कर देता है, तो भारत भी रूस की तरह ही अपना सामान बेचने के लिए अन्य बाजार ढूंढ लेगा। रूसी कच्चे तेल की तरह ही भारत भी अब अपना निर्यात अमेरिका को नहीं, बल्कि ब्रिक्स देशों को बेचेगा। इस तरह यह कदम ब्रिक्स देशों को और मजबूत करेगा।
अमेरिकी अर्थशास्त्री ने कहा कि अगर आप चीन, भारत, रूस और ब्रिक्स को लें, तो इन देशों की कुल वैश्विक उत्पादन में 35 फीसदी हिस्सेदारी है। वैश्विक उत्पादन में G7 देशों की हिस्सेदारी अब घटकर लगभग 28% रह गई है। उन्होंने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि आप जो कर रहे हैं, उससे ब्रिक्स को पश्चिमी देशों के मुकाबले एक बड़ा, अधिक एकीकृत और सफल आर्थिक विकल्प बनाने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी प्रशासन द्वारा कई भारतीय उत्पादों पर लगाया गया 50 प्रतिशत टैरिफ बुधवार से लागू हो गया। रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त लगाया है। ट्रंप का आरोप है कि भारत, रूस से कच्चा तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध को वित्तपोषित कर रहा है।
edited by : Nrapendra Gupta