मंगलवार, 18 मार्च 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Putin and Trump will talk about Russia-Ukraine war
Last Modified: वॉशिंगटन/ सिडनी , सोमवार, 17 मार्च 2025 (22:40 IST)

Ukraine War : क्‍या अब खत्‍म होगा रूस-यूक्रेन युद्ध, संघर्षविराम को लेकर पुतिन से बात करेंगे ट्रंप

Vladimir Putin_Donald Trump
Russia-Ukraine war case : यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के प्रयासों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे। यह कदम संघर्ष में एक संभावित महत्वपूर्ण बिंदु हो सकता है तथा ट्रंप के लिए अमेरिकी विदेश नीति का पुनर्निर्धारण करने का एक अवसर हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए भूमि और बिजली संयंत्र बातचीत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, हम जमीन के बारे में बात करेंगे। हम बिजली संयंत्रों के बारे में बात करेंगे। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए हाल में मॉस्को का दौरा किया था।
 
अमेरिकी नेता ट्रंप ने रविवार शाम को ‘एयरफोर्स वन’ (अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला विमान) में सवार होकर फ्लोरिडा से वॉशिंगटन जाते समय इस संबंध में जानकारी दी। ट्रंप ने कहा, हम देखेंगे कि क्या हमारे पास मंगलवार तक घोषणा करने के लिए कुछ है। मैं राष्ट्रपति पुतिन से मंगलवार को बात करूंगा। उन्होंने कहा, सप्ताहांत में बहुत काम किया गया है। हम देखना चाहते हैं कि क्या हम इस युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।
क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने दोनों नेताओं के मंगलवार को बात करने की योजना की सोमवार सुबह पुष्टि की, लेकिन विस्तृत जानकारी देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि हम घटनाओं के पहले कुछ नहीं कहते हैं और दोनों राष्ट्रपतियों के बीच बातचीत की विषय-वस्तु किसी पूर्व चर्चा का विषय नहीं होती है।
 
यूरोपीय सहयोगी, पुतिन के प्रति ट्रंप के आकर्षण तथा यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रति उनके सख्त रुख से चिंतित हैं, जिन्हें करीब दो सप्ताह पहले तब तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जब वह ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय) आए थे। रूस ने करीब तीन साल पहले यूक्रेन पर हमला किया था।
 
ट्रंप ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए भूमि और बिजली संयंत्र बातचीत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, हम जमीन के बारे में बात करेंगे। हम बिजली संयंत्रों के बारे में बात करेंगे। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए हाल में मॉस्को का दौरा किया था।
रूस ने 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने के बाद यूक्रेन के चार क्षेत्रों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इनमें पूर्व में डोनेत्स्क और लुहान्स्क क्षेत्र और देश के दक्षिण-पूर्व में खेरसॉन और ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र, लेकिन वह चारों में से किसी पर भी पूरी तरह से नियंत्रण नहीं रखता है।
 
पिछले साल पुतिन ने शांति की मांगों में से एक के रूप में सभी चार क्षेत्रों से कीव के सैनिकों की वापसी को सूचीबद्ध किया था। 2014 में रूस ने यूक्रेन से क्रीमिया को भी अपने में मिला लिया था। ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र के कब्जे वाले हिस्से में मास्को ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र को नियंत्रित करता है, जो यूरोप में सबसे बड़ा है।
 
संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने संभावित परमाणु आपदा की आशंकाओं के बीच संयंत्र के बारे में अक्सर चिंता व्यक्त की है। ट्रंप ने ‘एयरफोर्स वन’ में कहा कि हाल में शेयर बाजार में उथल-पुथल और आर्थिक प्रभाव को लेकर चिंता के बावजूद वह दो अप्रैल को शुल्क लगाने की अपनी योजना को आगे बढ़ाएंगे। 
 
3 साल बाद भी वैश्विक ऑनलाइन सेना यूक्रेन के लिए लड़ रही : यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के तीन साल से अधिक समय बाद दोनों युद्धरत देशों के बीच 30 दिन के युद्ध विराम की संभावनाएं बनती दिख रही हैं, लेकिन न्यायपूर्ण और स्थाई शांति प्राप्त करने की दिशा में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
रूस-यूक्रेन युद्ध मानव इतिहास के सबसे घातक, विश्लेषित और प्रलेखित युद्धों में से एक है। 24 फरवरी 2022 की रात से लाखों यूक्रेनी नागरिकों, सैन्य कर्मियों, पत्रकारों, अधिकारियों और नागरिक समाज के सदस्यों ने युद्ध पर प्रत्यक्षदर्शी विवरण, अपडेट, टिप्पणियां और राय साझा की हैं। दुनियाभर में कई ऑनलाइन समूह भी रूसी दुष्प्रचार का मुकाबला करने और यूक्रेन में जो कुछ हो रहा है, उसके बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
 
हम पिछले तीन वर्षों से इन समुदायों पर अध्ययन कर रहे हैं, सदस्यों के साथ घंटों साक्षात्कार कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इस शोध को पूरा करने और सदस्यों से जुड़ने के लिए हमें इनमें से कुछ समूहों में शामिल होना पड़ा-जो साइबर संसार में अध्ययन करने वाले शोधकर्ताओं के लिए एक सामान्य आवश्यकता है।
 
हमारा काम रूस के खिलाफ ऑनलाइन लड़ाई में कार्यकर्ताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कौशल और रणनीतियों पर प्रकाश डालता है। अधिक व्यापक रूप से यह दिखाता है कि सोशल मीडिया उपयोगकर्ता युद्ध और अन्य अंतरराष्ट्रीय संकटों के दौर में कैसे लामबंद हो सकते हैं और ऑफलाइन महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं।
 
रूस का दुष्प्रचार अभियान : यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के साथ ही इंटरनेट पर गलत सूचना और दुष्प्रचार अभियान भी चलाए गए, जिनका उद्देश्य यूक्रेनी और अंतरराष्ट्रीय उपयोगकर्ताओं के बीच मतभेद, अविश्वास और निराशा पैदा करना था। उदाहरण के तौर पर एक दुष्प्रचार अभियान के तहत यूक्रेन को नाजियों द्वारा शासित एक असफल राज्य के रूप में चित्रित किया गया।
यूक्रेन ने रूसी दुष्प्रचार का मुकाबला करने, विश्व से मदद की अपील करने और अपने रक्षात्मक अभियानों को बनाए रखने के लिए खुद का सूचना अभियान शुरू किया। कुछ मामलों में सोशल मीडिया मंचों ने रूस के हितों को आगे बढ़ाया। उन्होंने रूस की ओर से किए गए युद्ध अपराधों के सबूतों को भी दबाया।
 
उदाहरण के लिए रूसी आक्रमण के पहले वर्ष में डिस्क्लोज जैसे स्वतंत्र खोजी पत्रकारिता संगठनों ने यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ रूसी सैनिकों द्वारा किए गए हजारों युद्ध अपराधों का दस्तावेजीकरण किया। इन अपराधों में हत्या, यातना, शारीरिक और यौन हिंसा, जबरन स्थानांतरण, लूटपाट और स्कूलों व अस्पतालों जैसे नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाना शामिल था। (एजेंसियां)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
वक्फ विधेयक के खिलाफ AIMPLB ने किया प्रदर्शन, इन राजनीतिक पार्टियों को ओवैसी ने चेताया