1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. bats fall from sky in australia

क्या आसमान से बरसे चमगादड़!

bats fall from sky
पर्थ। आसमान से बरसती अनोखी चीजों की सूची में चमगादड़ भी शामिल हो गए हैं। दुनिया में मछलियों के बाद अब ऑस्ट्रेलिया से चमगादड़ बरसने की खबर आ रही है। करीब दो साल पहले खबर आई थी कि अमेरिका, जापान और यहां तक कि भारत में भी आसमान से मछलियां बरसी हैं। 
 
कुछ समय पहले थाईलैंड में और 2015 के जून महीने में भारत के ही विजयवाड़ा के गांव गोलमुंडी में मछलियों और मेंढकों की बारिश देखी गई थी। तब वैज्ञानिकों ने लोगों को भयग्रस्त ना होने की सलाह देते हुए कारण स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने बताया कि ऐसा जल स्तंभ या बवंडर के कारण होता है। जब बवंडर समुद्र तल को पार करते हैं तो पानी के भीषण तूफान में बदल जाते हैं। 
 
इस दौरान चलने वाली हवाएं अपने साथ मछलियां, मेंढक, कछुए, केकड़े यहां तक कि कई बार घड़ियालों को भी अपने साथ उड़ा ले जाती हैं। यह जीव बवंडर के साथ जब तक हवा की गति कम न हो जाए, आसमान में रहते हैं। हवा धीमी होने पर बवंडर जहां पहुंचता है उसके आसपास के हिस्सों में यह जीव बरसात के पानी के साथ गिरने लगते हैं। 
 
किंतु दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया में बीते दिनों पानी के जीव नहीं बल्कि आसमान में उड़ने वाले चमगादड़ बरसते देखे गए। खास बात ये थी कि ये सब चमगादड़ मृत थे। जहां सारी दुनिया सर्दी से कांप रही है पर ऑस्‍ट्रेलिया का हाल इससे बिलकुल अलग है। 
 
यहां पर तेज गर्मी के कारण इंसानों के साथ पशु पक्षी भी बेहाल हैं। हाल ही में सिडनी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस यानि 113 फारेनहाइट से ऊपर पहुंच गया था। ऑस्ट्रेलिया के वन्यजीव अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में तापमान इतना बढ़ गया कि उसकी मार से सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गई और वे सड़कों पर इस तरह गिरे कि लगने लगा जैसे आसमान से चमगादड़ बरस रहे हों। 
 
इस पक्षियों से जुड़ी एक खास बात यह है कि मरने वाले चमगादड़ ऑस्ट्रेलिया में पायी जाने फॉक्स प्रजाति के हैं जिनको वहां के राष्ट्रीय कानून के तहत संरक्षित जीवों की प्रजाति में सूचीबद्ध किया गया है। ऐसे में इसके अस्तित्व को बचाने के प्रयास को खासा धक्का लगा है।