महान नायक थे नील आर्मस्ट्रांग : ओबामा
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चंद्रमा पर सबसे पहले कदम रखने वाले अपने देश के अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अमेरिका का महान नायक बताया।ओबामा ने कहा कि चांद पर कदम रखने वाले इस पहले इंसान ने हमें बताया कि एक छोटे से कदम का महत्व कितना बड़ा हो सकता है। 20 जुलाई 1969 को चांद पर कदम रखने वाले आर्मस्ट्रांग का निधन 82 वर्ष की आयु में हो गया।ओबामा ने कहा कि आर्मस्ट्रांग के निधन से वे खुद और मिशेल ओबामा बहुत दुखी हैं। नील अमेरिका के महान नायकों में से एक थे। वे सिर्फ अपने समय के ही नहीं, बल्कि हर दौर के नायक हैं। जब वे और उनके साथी 1969 में अपोलो-11 में सवार होकर आकाश की ओर निकले तो उनके साथ पूरे देश की उम्मीदें थीं। ओबामा ने कहा, ‘उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि अमेरिकी जोश अकाल्पनिक लगने वाली चीजों के भी पार देख सकता है। पर्याप्त साहस और चतुराई हो तो सब कुछ संभव है।’ चांद की सतह पर अपना पहला कदम रखकर नील ने इंसानी उपलब्धि का एक ऐसा क्षण दे दिया, जिसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। आज नील का वह जोश उन सभी पुरुषों और महिलाओं में मौजूद है, जिन्होंने अपनी जिंदगी अज्ञात चीजों को समझने के लिए समर्पित कर दी है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो अंतरिक्ष में और ज्यादा पहुंच बनाने के लिए आश्वस्त हैं। ओबामा ने कहा कि एक छोटे से कदम का महत्व बताने वाले नील की यह विरासत लंबे समय तक दृढ़ रहेगी। आर्मस्ट्रांग के परिवार द्वारा उनके निधन की सूचना जारी करते ही ओबामा का यह बयान आ गया था।आर्मस्ट्रांग के परिवार ने जारी बयान में कहा कि दुखी दिल से हम यह सूचित करते हैं कि हृदय संबंधी जटिलताओं के कारण नील आर्मस्ट्रांग का निधन हो गया है। नील हमारे एक प्यारे पति, पिता, दादा, भाई और दोस्त थे। (भाषा)