1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. indore-press-club-kabiliyat-ko-salam-bright-students-honored

इंदौर प्रेस क्लब का काबिलियत को सलाम, पत्रकारों के 100 से अधिक मेधावी बच्चे सम्मानित

इंदौर प्रेस क्लब
इंदौर प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों के प्रतिभावान बच्चों के हौसला-अफजाई के लिए आयोजित 'काबिलियत को सलाम' समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पत्रकारों के 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बीते 15 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस गौरवशाली समारोह में इस बार एक नया और अनूठा प्रयास भी देखने को मिला, जिसने बच्चों का उत्साह दोगुना कर दिया।
 
इस वर्ष कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए सम्मानित हुए मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक 'लकी ड्रॉ' प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके तहत सभी बच्चों के नाम की पर्चियां बनाकर एक बॉक्स में रखी गईं। अतिथियों ने मंच से निष्पक्ष रूप से 5 भाग्यशाली विजेताओं के नाम की पर्चियां निकालीं। इन 5 विजेताओं को इनाम स्वरूप इंडेक्शन कूकर प्रदान किए गए।
 
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, इंदौर संभाग आयुक्त (कमिश्नर) डॉ. सुदाम खाड़े, कौटिल्य एकेडमी के निदेशक सिद्धार्थ जोशी, लोकसेवा आयोग की पूर्व सदस्य शोभा पेठनकर और प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने अपने हाथों से भाग्यशाली बच्चों के नाम की पर्चियां निकालीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इंदौर प्रेस क्लब की पूरी टीम ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। अतिथियों का स्वागत प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी व प्रियंका पांडेय, महासचिव प्रदीप जोशी, सचिव अभिषेक चेंडके और कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, मनीष मक्खर, अंशुल मुकाती, श्याम कामले, विजय भट्ट, नितिन जैन, अभिषेक रघुवंशी और लक्ष्मीकांत पंडित।
इस गरिमामय अवसर पर शहर के बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी, वरिष्ठ पत्रकार और मेधावी बच्चों के परिजन मौजूद थे, जिन्होंने करतल ध्वनि से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव प्रदीप जोशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सचिव अभिषेक चेंडके ने माना।