Maruti Suzuki की कारें महंगी, देने होंगे 30,000 रुपए से ज्यादा, जानिए क्यों बढ़ रही हैं कीमतें, किन मॉडल्स पर पड़ेगा असर
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि अगस्त 2026 से उसके लगभग सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी ने इसकी जानकारी शेयर बाजार को दी गई नियामकीय फाइलिंग में दी है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक व्यापार मार्ग और ऊर्जा बाजार प्रभावित हुए हैं। इससे कच्चे माल और अन्य जरूरी इनपुट की लागत बढ़ी है, जिसका असर ऑटोमोबाइल कंपनियों की उत्पादन लागत पर पड़ा है। यही वजह है कि कंपनियां बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं।
इनपुट कॉस्ट बढ़ने से महंगी होंगी कारें
Maruti Suzuki ने कहा कि कच्चे माल और अन्य इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कंपनी को यह फैसला लेना पड़ा है। हालांकि कंपनी ने लागत कम करने के लिए कई कदम उठाए, लेकिन बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत का पूरा बोझ खुद उठाना संभव नहीं रहा। कंपनी के अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी अगस्त 2026 से लागू होगी और अलग-अलग मॉडल के अनुसार इसकी राशि अलग-अलग होगी।
ग्राहकों पर कम से कम असर डालने का दावा
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी मॉडलों की कीमत एक समान नहीं बढ़ेगी। वाहन के मॉडल और वैरिएंट के आधार पर कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। Maruti Suzuki का कहना है कि उसने लागत में बढ़ोतरी का असर कम करने के लिए पिछले कुछ महीनों में कई लागत नियंत्रण उपाय अपनाए हैं। इसके बावजूद लगातार बढ़ती महंगाई और प्रतिकूल लागत वातावरण के चलते कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया। कंपनी का दावा है कि ग्राहकों पर इसका प्रभाव न्यूनतम रखने की कोशिश की गई है।
इन मॉडलों की कीमत होगी प्रभावित
Maruti Suzuki के पोर्टफोलियो में एंट्री-लेवल S-Presso से लेकर प्रीमियम Invicto तक कई मॉडल शामिल हैं। कंपनी की कारों की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये से 28.70 लाख रुपये तक है।
अन्य कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
Maruti Suzuki अकेली कंपनी नहीं है जिसने कीमतें बढ़ाई हैं। इससे पहले Tata Motors अपनी पैसेंजर कारों की कीमतें दो बार बढ़ा चुकी है। Mahindra & Mahindra ने भी कीमतों में वृद्धि की है। Hyundai Motor India ने भी अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाई हैं।

