• Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. पुस्तक-समीक्षा
  6. उसका सच: बेबाक कहानी संग्रह
Written By WD

उसका सच: बेबाक कहानी संग्रह

समय की विद्रूपता से टकराती कहानियाँ

book review | उसका सच: बेबाक कहानी संग्रह
कृष्ण कुमार भारती
WD
WD
सोद्दश्यता की कसौटी पर खरा उतरने वाला साहित्य ही लंबे समय तक अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने में समर्थ होता है। अनुभूति की प्रामाणिकता व अभिव्यक्ति की सात्विकता किसी भी साहित्यकार को ऊँचा दर्जा दिलाती है। अरविन्द कुमार सिंह की कहानियाँ इस संदर्भ में सराही जानी चाहिए। उनके कहानी संग्रह 'उसका सच' में संकलित नौ कहानियाँ समय के विद्रूप से टकराने का न केवल माद्दा रखती हैं अपितु क्रिया-प्रतिक्रिया भी उत्पन्न करती हैं। सामंतवाद, पूंजीवाद व साम्राज्यवाद को नंगा करके दलित, शोषित व पीडित वर्ग के मर्म का यथार्थ अंकन इन कहानियों में हुआ है।

संग्रह की प्रथम कहानी 'सती' सवर्ण बच्चों द्वारा एक दलित बच्चे के साथ किए जा रहे बर्बर व्यवहार को दर्शाती है। दलित बच्चे नक्कू के पिता की मृत्यु के साथ ही माँ को समाज द्वारा बलात सती कर देना मार्मिक घटना है। इक्कीसवीं सदी के इस प्रगतिशील युग में ऐसी बर्बर घटनाएँ न केवल रोंगटे खड़े करती हैं अपितु शर्मिंदा व बेचैन भी करती हैं। यहाँ निम्न व उच्च दोनों वर्गों की अपनी-अपनी विवशताएँ खुलती हैं। निम्न वर्ग भूख व गरीबी के चलते मजबूर है तो उच्च वर्ग अंधविश्वास के चलते अपनी सुरक्षा के प्रति बेचैन दिखाई देता है।

'विष पाठ' में कहानीकार का इतिहासकार खुलकर सामने आया है। अरविन्द कुमार भारतीय इतिहास की गहरी परख रखते हैं। कहानी कांग्रेस द्वारा 1952 में लाए गए जमींदारी उन्मूलन कानून से लेकर 1992 में हुए बाबरी विध्वंस तक के भारतीय राजनीतिक व सामाजिक परिदृश्य को बड़ी प्रामाणिकता के साथ प्रस्तुत करती है।

जमींदारी उन्मूलन कानून के बाद अवध के नबावों व जमींदारों की प्रतिक्रियाओं के साथ-साथ कहानी यह भी रेखांकित करती है कि किस प्रकार नबावों व जमींदारों की कामुकता व अय्याशी न केवल उनके अपने अपितु देश के भविष्य व अस्तित्व को भी लील गई। संग्रह की शीर्षक कहानी 'उसका सच' की निसंतान दलित महिला सुनयना धोपाप घाट पर स्नान व पापर देवी के दर्शन के लिए संतान की लालसा में जाती है, परंतु चुरा लाती है अपने पति हरफूल के घायल पाँवों के लिए जूते। दलित गरीब महिला की विवशता का चित्रण यहाँ बड़े ही स्वाभाविक तरीके से हुआ है।

'बीमारी' पूंजीवाद की जड़ों को खंगालती है। कारपोरेट जगत में ऊँची पैठ बना चुके सक्सेना दंपत्ति के पास अपने बेटे के लिए समय नहीं है। अतिमहत्वाकांक्षी यह दंपत्ति बिजनेस में इस कदर व्यस्त है कि वे कभी-कभी उस पल को भी कोसने लगते हैं, जब विक्की पैदा हुआ था। एक माँ द्वारा अपने बीमार बेटे के लिए यह कहना कि 'अगर यह जिंदा रहा तो हम लाइफ में कुछ भी नहीं कर सकेंगे।' विडम्बनापूर्ण है।

पूंजीवादी शक्तियाँ किस प्रकार श्रम कानूनों को खत्म करने और यूनियनों को प्रतिबंधित करवाने को उतावली हैं, यही पर्दाफाश इस कहानी में हुआ है। विश्व पूंजीवाद व आर्थिक साम्राज्यवाद कैसे मालिक-मजदूर संघर्ष को जन्म दे रहा है और आदमी को स्वार्थी व जाहिल बना रहा है। इसका स्पष्ट चित्रांकन इस कहानी में हुआ है।

अरविन्द कुमार सिंह पूरी व्यवस्था की पोल खोलते हैं और वह भी बेबाकी से। पूंजीवाद की व्यवस्था से साँठ-गाँठ को भी कहानी उघाड़ती है। 'काँटा' कहानी में लेखक आधुनिक दलित विमर्श की वैचारिक सीमाओं की ओर संकेत करने में सफल रहा है। 'बप्पा हमारी लड़ाई जाति से नहीं, जुल्म-अत्याचार से है। चाहे वह चौधरी का जुल्म हो, चाहे ठाकुर मुखिया का।' शहर से पढ़कर गाँव लौटे ठाकुर पुत्र के विचार नई पीढ़ी की सोच को प्रतिबिंबित करते हैं।

संग्रह की सभी कहानियाँ ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हैं और संवेदनात्मक स्तर पर इनमें कहानीकार की जनपक्षधरता अभिव्यक्त हुई है। लेखक शोषित वर्ग के जीवन की अंतः बाह्‌य समस्याओं से परिचित है तभी उनके कथानक प्रामाणिक बन पड़े हैं।
वर्ग बनाम वर्ण और परंपरा तथा आधुनिकता के द्वंद्व को उकेरती है यह कहानी। कहानी जाति व धर्म के नाम पर हो रही राजनीति के प्रति पाठकों को सचेत करते हुए धर्म, जाति व संप्रदाय के आधार पर झगड़ने की बजाय उस व्यवस्था व मानसिकता से संघर्ष का आह्वान करती है जो शोषण व असमानता को जन्म देती है।

संग्रह की अंतिम कहानी 'लंबी टेर का दर्द' उत्तर आधुनिक समाज के खोखलेपन को निर्दिष्ट करती है। मानव जाति के लिए इससे बड़ी विडम्बना क्या होगी, यदि मानव को मानव होने में ही हीनता महसूस होने लगे। कहानी के केंद्रीय पात्र एक गरीब ठाकुर दुखराज सिंह उर्फ दुक्खू को अगले जन्म में कुछ भी बनना स्वीकार है परंतु मनुष्य नहीं।

कहानी का यह बेहद बेबस पात्र क्रांतिकारी रूप में सामने आता है। अपने सगे भाई से धोखा खाए व निर्दय तमाशबीन समाज से आहत दुक्खू चुनाव लड़ता है। वह अदालत में कहता है-'गरीब-दुखिया इस मुलुक के लिए चींटी और मच्छर हैं। हर कोई उसे पीस डालना-मार डालना चाहता है। उसकी रक्षा के लिए कहीं कोई कानून नहीं है, कोर्ट-कचहरी, पुलिस-वकील सब झूठ है-फरेब है...।' दुक्खू द्वारा दिए गए भाषण के अंश आम आदमी के उस दर्द व आक्रोश की अभिव्यक्ति है जो शोषित व बेकसूर लोगों की नसों में नासूर की तरह दौड़ रहा है।

अरविन्द कुमार सिंह सीधी सरल भाषा में ही अपना लक्ष्य साध लेने में समर्थ हैं। उनकी भाषा में एक तरफ जहाँ प्रतिकार, आक्रोश व गुस्सा है तो दूसरी ओर एक तेवर भी है जो सामने वाले को धराशायी करने की ताकत रखता है। वे अपनी बात बेबाकी से रखते हैं उन्हें न तो किसी प्रकार का भय है और न ही संकोच।

व्यवस्था की नपुंसकता व भ्रष्टता को उजागर करने का साहस भी उनमें है। सामाजिक यथार्थ यहाँ परत-दर-परत खुलता है वह भी बड़ी ही ईमानदारी व साफगोई के साथ। संग्रह की सभी कहानियाँ ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हैं और संवेदनात्मक स्तर पर इनमें कहानीकार की जनपक्षधरता अभिव्यक्त हुई है। लेखक शोषित वर्ग के जीवन की अंतः बाह्‌य समस्याओं से परिचित है तभी उनके कथानक प्रामाणिक बन पड़े हैं।


पुस्तक- उसका सच,
लेखक- अरविन्द कुमार सिंह,
प्रकाशक- प्रकाशन संस्थान, नई दिल्ली,
मूल्य- 150,
पृष्ठ- 151