बुधवार, 4 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
  4. Haryana Assembly Elections Aam Aadmi Party Congress Rahul Gandhi
Last Updated :नई दिल्ली , मंगलवार, 3 सितम्बर 2024 (22:10 IST)

Haryana Assembly Elections : क्या हरियाणा विधानसभा चुनाव में चल पाएगा राहुल गांधी का चंडीगढ़ वाला फॉर्मूला

rahul gandhi
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रणनीति तैयार कर ली है। चुनाव में कांग्रेस आम आदमी पार्टी (AAP)  के साथ चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस-आप ने इसी फॉर्मूला चंडीगढ़ में नगर निगम और लोकसभा चुनाव जीता था। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। मीडिया खबरों के मुताबिक राहुल ने गठबंधन के लिए 4 मेंबर की कमेटी बनाई है। 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना में रुचि दिखाई है। उन्होंने नेताओं से इस पर राय पूछी है। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह हरियाणा में गठबंधन के लिए आम आदमी पार्टी के साथ बातचीत कर रही है, लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। 
 
सोमवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में गांधी ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में बताया।
 
क्या बोले दोनों पार्टी के नेता : आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। जैसे ही कुछ तय हो जाएगा, हम आपको सूचित करेंगे। 
 
हरियाणा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य में मजबूत है और अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा आप अध्यक्ष गुप्ता ने हाल में कहा था कि आप जनता की मदद से हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीट पर अपने बलबूते चुनाव लड़ने को तैयार है। 
 
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल के रिहा होने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से राय मांगी है और केवल वे ही इसका जवाब दे सकते हैं। हमें मीडिया से इस बारे में पता चला है। जहां तक ​​गठबंधन की बात है, तो अरविंद केजरीवाल के रिहा होने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा।’’
लोकसभा में इंडिया गठबंधन : विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) में भागीदार कांग्रेस और आप ने दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में लोकसभा चुनावों के लिए समझौता किया था। हरियाणा में आप के प्रदेश अध्यक्ष गुप्ता राज्य में लोकसभा चुनावों में पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार थे। गुप्ता भाजपा के नवीन जिंदल से हार गए। पंजाब में कांग्रेस और आप ने अलग-अलग लोकसभा चुनाव लड़ा था। इनपुट भाषा
ये भी पढ़ें
राहुल ने रेल ट्रैकमैन से बातचीत का वीडियो साझा किया, उनकी समस्याओं पर डाला प्रकाश