सोमवार, 9 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
  4. Congress releases its second list of candidates for the upcoming Haryana Assembly elections
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 8 सितम्बर 2024 (23:52 IST)

कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के लिए जारी की 9 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, जानिए AAP के साथ गठबंधन की कहां तक पहुंची बात

कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के लिए जारी की 9 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, जानिए AAP के साथ गठबंधन की कहां तक पहुंची बात - Congress releases its second list of candidates for the upcoming Haryana Assembly elections
Haryana Assembly Elections 2024 : सूची के मुताबिक उचाना कलां से बृजेंद्र सिंह और गुरुग्राम से मोहित ग्रोवर को मैदान में उतारा गया है। इस सूची के साथ, कांग्रेस ने 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर अभी कांग्रेस की बातचीत चल रही है। 
 
बृजेंद्र सिंह और ग्रोवर के अलावा कांग्रेस ने थानेसर से अशोक अरोड़ा, गन्नौर से कुलदीप शर्मा, टोहाना से परमवीर सिंह, तोशाम से अनिरुद्ध चौधरी, महम से बलराम दांगी, नांगल चौधरी से मंजू चौधरी और बादशाहपुर से वर्धन यादव को मैदान में उतारा है।
 
कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, प्रदेश इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल सीट और पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया।
Rahul Gandhi
कांग्रेस ने पहले 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद सीईसी ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने इसराना सीट (सुरक्षित) से बलबीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। सिंह इसराना सीट से मौजूदा विधायक हैं। कांग्रेस ने अपने सभी 28 विधायकों को पुन: उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने मेवा सिंह को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ लाडवा से मैदान में उतारा है।
 
कांग्रेस हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ सीट बंटवारे पर भी बातचीत कर रही है। कुछ कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति जताई है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर एक चरण में 5 अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।5 अक्टूबर को वोटिंग और 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। आप सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है। राज्य में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा। मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।
 
आप के एक सूत्र ने बताया, ‘‘बातचीत चल रही है लेकिन अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।’’ इससे पहले, आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि कांग्रेस और उनकी पार्टी दोनों अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं को अलग रखकर हरियाणा चुनावों के लिए गठबंधन करने की कोशिश कर रहे हैं।
 
चड्ढा ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन पर आम सहमति नहीं बन पाई है, लेकिन बातचीत ‘‘सकारात्मक’’ दिशा में आगे बढ़ रही है और उन्हें अच्छे नतीजे की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘अगर दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद स्थिति नहीं बनती है’’ तो आम आदमी पार्टी गठबंधन के वास्ते आगे नहीं बढ़ेगी।
चड्ढा ने ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘बातचीत सकारात्मक माहौल में हो रही है। दोनों दल अपनी और उम्मीदवार की आकांक्षाओं को अलग रखकर एकजुटता और हरियाणा के लोगों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए साथ मिलकर चुनाव लड़ने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘सीट बंटवारे को लेकर हर ब्योरे पर टिप्पणी नहीं की जा सकती। दोनों ही दलों की गठबंधन करने की इच्छा है और ऐसा होने की उम्मीद है।’’
 
सूत्रों के अनुसार, आप जहां 10 सीट की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस उसे सिर्फ सात सीट देने को तैयार है। हालांकि, चड्ढा ने सीट बंटवारे के बारे में अब तक हुई कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम नामांकन की अंतिम तिथि 12 सितंबर से पहले ही निर्णय ले लेंगे। यदि कोई फायदेमंद स्थिति नहीं बनती है, तो हम इसे छोड़ देंगे। वार्ता चल रही है, अच्छी चर्चा हो रही है, मुझे उम्मीद है कि इसका कोई अच्छा निष्कर्ष निकलेगा।’’
 
इससे पहले, इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) में भागीदार कांग्रेस और आप ने दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में लोकसभा चुनावों के लिए सीट के बंटवारे पर समझौता किया था। हरियाणा में आप के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता राज्य में लोकसभा चुनावों में पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार थे। वह भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिंदल से हार गए। कांग्रेस और आप ने पंजाब में अलग-अलग लोकसभा चुनाव लड़ा था। इनपुट भाषा