1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. pm-modi-gujarat-visit-sanand-cg-semi-osat-semiconductor-plant-inauguration

PM मोदी आज गुजरात में करेंगे 7,500 करोड़ के सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन

narendra modi gujarat visit
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 4 जुलाई 2026 को गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। अपने दिन की शुरुआत वे राजस्थान से करेंगे, जबकि शाम को गुजरात के साणंद में देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण 'CG SEMI आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट' (OSAT) फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 4:30 बजे वे इस अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर सुविधा का लोकार्पण करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि साणंद में अब तक दो सेमीकंडक्टर प्लांट में उत्पादन शुरू हो चुका है और इस सप्ताह के अंत तक एक और कंपनी का उत्पादन शुरू होने वाला है। ALSO READ: गुजरात ATS का बड़ा ऑपरेशन, रथयात्रा से पहले जैश के 8 आतंकी गिरफ्तार
 

सेमीकंडक्टर में 7,500 करोड़ का बड़ा निवेश

साणंद में शुरू होने जा रही CG SEMI OSAT फैसिलिटी भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी। यह प्रोजेक्ट 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' (ISM) के तहत स्वीकृत पहले चार प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस अत्याधुनिक फैसिलिटी को 7,500 रुपए करोड़ से अधिक के कुल निवेश के साथ विकसित किया गया है। यह बड़ा प्रोजेक्ट भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में एक बेहद मजबूत स्थिति दिलाएगा और पीएम मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।
 

सालाना 5 अरब चिप्स का उत्पादन

पूरी तरह से चालू होने के बाद, इस फैसिलिटी में हर साल लगभग 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करने की विशाल क्षमता होगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही वैश्विक मांग को पूरा करने में यह प्लांट मुख्य भूमिका निभाएगा। यहां ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल, टेलीकम्युनिकेशंस, 5G और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे उन्नत क्षेत्रों के लिए जरूरी सेमीकंडक्टर चिप्स तैयार की जाएंगी। इसके अलावा, वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेज डिजाइन और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट जैसी एंड-टू-एंड सेवाएं भी यहाँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। ALSO READ: बिना सात फेरे के कैसा विवाह? गुजरात हाईकोर्ट ने शून्य घोषित की शादी, मैरिज सर्टिफिकेट को किया खारिज
 

गुजरात से पहले पीएम मोदी राजस्थान में

गुजरात पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात देंगे। सुबह करीब 10:45 बजे वे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और मॉडिफाइड उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ करेंगे। 480 करोड़ रुपए की लागत से बना यह नया आधुनिक टर्मिनल 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है, जो हर साल लगभग 20 लाख यात्रियों को सेवाएं देने में सक्षम है।
 

बालोतरा में 1.06 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स 

जोधपुर के बाद पीएम मोदी बालोतरा में करीब 1.06 लाख करोड़ के विशाल विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिसमें पेट्रोकेमिकल्स, अर्बन ट्रांसपोर्ट, रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी और पावर ट्रांसमिशन जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। दूसरी ओर, साणंद में चिप उत्पादन की शुरुआत न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश के टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए एक बड़ा कदम है। इस प्रोजेक्ट से हजारों रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और भारत एक विश्वसनीय और आत्मनिर्भर सेमीकंडक्टर हब के रूप में विश्व पटल पर चमकेगा।
लेखक के बारे में
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।   अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य.... और पढ़ें