हाल ही में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में भाग लेने दिल्ली आए नरेंद्र मोदी से बादल की मुलाकात राजधानी के एक पांच सितारा होटल में हुई, जबकि राजनाथ से वे पंजाब भवन में मिले। बादल ने दोनों नेताओं को समझाने की कोशिश की कि इनेलो को राजग में शामिल करने से भाजपा और इनेलो दोनों को ही फायदा होगा और राजग के मिशन 272+ को कामयाब बनाने में भी मदद मिलेगी। इस सिलसिले में बादल ने 1999 के चुनाव का भी हवाला दिया, जिसमें दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन था जिसके चलते भाजपा-इनेलो राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने मे कामयाब रहे थे। उस चुनाव में भाजपा को 29.21 प्रतिशत और इनेलो को 28.72 प्रतिशत वोट मिले थे। उसके बाद हुए हर चुनाव में भाजपा और इनेलो अलग-अलग मैदान में उतरे और वोटों के बंटवारे के चलते हारते रहे।
सूत्रों के मुताबिक वोटों के बिखरने से पैदा होने वाली इस स्थिति पर बादल की मोदी और राजनाथ से चर्चा तो हुई और दोनों ही नेताओं ने बादल की दलील से सहमति भी जताई, लेकिन वे इनेलो के साथ गठबंधन करने के मुद्दे पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दे सके। इसके पीछे अहम वजह यह है कि इनेलो को राजग में शामिल करने के मुद्दे पर भाजपा में शीर्ष स्तर पर गहरे मतभेद हैं।
चौटाला की पार्टी को राजग में शामिल करने के मसले पर भाजपा में पहले भी चर्चा हो चुकी है जिस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज के एतराज के चलते विराम लग गया था।
आडवाणी और सुषमा को क्या थी आपत्ति...