• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. लोकसभा प्रुमख सीटें
Written By वार्ता
Last Modified: बरेली , बुधवार, 12 मार्च 2014 (11:36 IST)

हासन: एकमात्र पूर्व प्रधानमंत्री जो चुनाव मैदान में उतरेंगे...

लोकसभा चुनाव
FILE
बरेली। 16वीं लोकसभा के आगामी चुनाव में एकमात्र पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा मैदान में होंगे। दरअसल, देश के कुल 13 प्रधानमंत्रियों में से प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, लालबहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, मोरारजी देसाई, चौधरी चरणसिंह, राजीव गांधी, विश्वनाथ प्रताप सिंह, चन्द्रशेखर और पीवी नरसिंहराव समेत देश के 9 पूर्व प्रधानमंत्रियों का पहले ही देहांत हो चुका है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा 2009 में चुनावी राजनीति से संन्यास लेने और 15वीं लोकसभा के कार्यकाल के दौरान 30 नवंबर 2012 को पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल के निधन के बाद अब कर्नाटक से निर्वाचित होने वाले जनता दल सेक्युलर के अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ही सक्रिय राजनीति में हैं।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह असम से राज्यसभा के सदस्य हैं और आगामी चुनाव में भी उनके चुनाव मैदान में उतरने की संभावना न के बराबर है। देवेगौड़ा 2009 के लोकसभा चुनाव में भी मैदान राजनीति में उतरने वाले एकमात्र पूर्व प्रधानमंत्री थे।

देवेगौड़ा ने कर्नाटक के हासन संसदीय क्षेत्र से 10वीं लोकसभा में जनता दल प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित होकर पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया था। बाद में वे 11 दिसंबर 1994 से 31 मई 1996 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे।

देवेगौड़ा 1 जून 1996 से 21 अप्रैल 1997 तक संयुक्त मोर्चा की सरकार में प्रधानमंत्री रहे। सन् 1996 से 1998 तक वे राज्यसभा के सदस्य थे।

यहां यह गौरतलब है कि देवेगौड़ा के अलावा अब तक प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और इन्द्रकुमार गुजराल बतौर राज्यसभा सदस्य देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।

1998 में जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा दूसरी बार हासन संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित घोषित हुए लेकिन 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के जी. पुत्तास्वामी ने उनको 1 लाख 41 हजार से ज्यादा मतों से पराजित कर दिया। बाद में वे कर्नाटक के कनकपुरा संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव जीतकर 13वीं लोकसभा के सदस्य बन गए थे।

अपनी पार्टी जनता दल सेक्युलर के टिकट पर 2004 में हासन संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित घोषित होकर वे 5वीं और 2009 में 6ठीं बार लोकसभा सदस्य बने।

तीसरे मोर्चे के गठन में अहम भूमिका निभा रहे 80 वर्षीय देवेगौड़ा 7वीं बार लोकसभा में प्रवेश के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में 17 अप्रैल को कर्नाटक के हासन संसदीय क्षेत्र से एक बार फिर से मैदान में उतरने की तैयारी में जुटे हैं। (वार्ता)