...पर पप्पू वोट नहीं देता
नई दिल्ली। बट पप्पू काँट डांस सा.. गाना निर्वाचन आयोग के मन भा गया है। इसी गाने की तर्ज पर तैयार गीत, संगीत के माध्यम से दिल्ली में सुनाई देगा। गीत के पीछे ऐसे लोगों को सामने लाना है जो वोट डालने से परहेज करते हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी सतबीर साइलस बेदी ने बताया कि दिल्ली में मतदान करने वाले वोटरों की संख्या में कमी आ रही है। लोग मतदान दिवस को अवकाश मान लेते हैं। लोकतंत्र में मतदान के अधिकार को गंभीरता से लेने की जरूरत है। श्रीमती बेदी कहती हैं निर्वाचन कार्यालय अगले आठ दिन दिल्ली में मतदान के प्रति जागरूकता के लिए अभियान चलाएगा।इसमें हर वर्ग व श्रेणी के नागरिकों के संदर्भ में 13 श्रेणियाँ तैयार की गई हैं। एक-एक कर सभी को एफएम व टीवी चैनलों के माध्यम से जनता तक पहुँचा जाएगा। साथ ही होर्डिंग्स आदि लगाकर भी दिल्ली वालों को मतदान के प्रति जागरूक करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। (नईदुनिया)