• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. दिल्ली
Written By ND

हम हैं उत्तर भारतीयों के असली हितैषी : गोयल

चुनाव 2008
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में राष्ट्रवादी शिवसेना सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी का कहना है कि उत्तर भारतीयों के साथ हो रहे व्यवहार के लिए कांग्रेस व भाजपा दोनों ही जिम्मेदार है।

महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों पर हुए हमलों के विरोध में शिवसेना (बाल ठाकरे) को अलविदा कहने वाले जय भगवान गोयल ने ही राष्ट्रवादी शिवसेना का गठन किया है।

कभी पाकिस्तान टीम के विरोध में फिरोजशाह कोटला मैदान की पिच खोदने तो कभी आतंकवादियों को दिल्ली में दफनाए जाने का विरोध, पोप को काले झंड़े दिखाकर एक हफ्ते तक जेल में रहकर चर्चा में रहने वाले राष्ट्रवादी शिवसेना के प्रमुख जयभगवान गोयल का कहना है कि वह उत्तर भारतीयों के साथ महाराष्ट्र में रहे हमलों के मामलों के लेकर दिल्ली के चुनाव में जाएंगे।

उनका कहना है कि दिल्ली में काफी जनता उत्तर भारत की है। यह लोग हर चुनाव में कांग्रेस व भाजपा को समर्थन देते हैं, लेकिन यह दोनों ही पार्टियां उत्तर भारतीयों का विश्वास हासिल करने में नाकामयाब हुई है। महाराष्ट्र में शिवसेना की भागीदार भाजपा ने तो जैसे इस मुद्दे पर चुप्पी साधी हुई है। इन वारदातों को लिए जितनी जिम्मेदार कांग्रेस है उतनी ही भाजपा भी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मराठी लोगों को एकजुट होकर राज ठाकरे को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं की पार्टी कहे जाने वाली भाजपा तो केवल वोटबैंक की राजनीति कर रही है। (नईदुनिया)