राहुल गांधी का बड़ा बयान, अनियोजित लॉकडाउन के कारण आई आपदा का दंश झेल रहा है देश
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि देश अब भी अनियोजित लॉकडाउन का दंश झेल रहा है और सरकार की 'अक्षमता तथा अदूरदर्शिता ' के चलते लाखों परिवारों को पीड़ा उठानी पड़ी है। सरकार ने कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए पिछले साल 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू किया था।
राहुल गांधी ने लॉकडाउन के लिए मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इसके चलते गरीबों और प्रवासियों को पीड़ा उठानी पड़ी है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'देश अनियोजित लॉकडाउन के चलते आई आपदा का दंश अब तक झेल रहा है। सरकार की अक्षमता और अदूरदर्शिता के कारण बयान न की जा सकने वाली पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों को सांत्वना देता हूं।'
The unplanned lockdown disaster continues to haunt the country.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 19, 2021
Condolences to the lakhs of families being punished with indescribable pain for GOIs incompetence & myopia. pic.twitter.com/TBN7mS149W
गांधी ने अपने ट्वीट के साथ एक खबर भी साझा की, जिसमें यूनिसेफ के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा गया है कि कोविड-19 के चलते दक्षिण एशिया के छह सबसे अधिक आबादी वाले देशों में भारत में शिशु मृत्युदर और मातृ मृत्यु दर में सबसे अधिक वृद्धि देखने को मिल सकती है।

